Category: sports

  • रोहित शर्मा को कुछ मैचों का ब्रेक लेना चाहिए : सुनील गावस्कर

    भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने कहा कि मुंबई इंडियंस (एमआई) के कप्तान रोहित शर्मा को मौजूदा आईपीएल से कुछ मैचों का ब्रेक लेना चाहिए और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल पर फोकस करना चाहिए। रोहित का मंगलवार को एक और बुरा दिन था जब वह गुजरात टाइटंस के खिलाफ आठ गेंदों में दो के स्कोर पर आउट हो गए। गुजरात टाइटन्स ने 55 रन से मैच जीत ली।

    एमआई के कप्तान को इस सीजन में बल्ले से ज्यादा सफलता नहीं मिली है। उन्होंने अब तक सात मैचों में 25.86 की औसत और 135.07 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 181 रन बनाए हैं। वो चार मौकों पर 20 और 45 के बीच आउट हुए हैं। उनका 65 का उच्चतम स्कोर इस सीजन में उनका एकमात्र अर्धशतक था जो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आया।

    मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स पर बोलते हुए, गावस्कर ने रोहित को आईपीएल में कुछ मैचों के लिए ब्रेक लेने का सुझाव दिया और डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए लय में रहने के लिए टूनार्मेंट के अंतिम चरण में वापस आने की सलाह दी।

    गावस्कर ने कहा, मैं मुंबई इंडियंस के लिए बल्लेबाजी क्रम में कुछ बदलाव देखना चाहता हूं। ईमानदारी से कहूं तो मैं यह भी कहूंगा कि रोहित को भी कुछ समय के लिए ब्रेक लेना चाहिए और विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिए खुद को फिट रखना चाहिए।

    वह बस थोड़ा चिंतित दिख रहे हैं। हो सकता है कि वह डब्ल्यूटीसी फाइनल के बारे में सोच रहा हों, मुझे नहीं पता। उनको तीन या चार मैचों का ब्रेक लेना चाहिए ताकि वह विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिए लय में आ सकें।

    एमआई के लिए यह सीजन ऊपर नीचे रहा है। अपने पहले दो मैच हारकर वे लगातार तीन मैच जीतने के बाद फिर से दो मैच हार गए।

    मुंबई इंडियंस सात मैचों में तीन जीत के साथ तालिका में सातवें स्थान पर है।

    मुंबई के प्रदर्शन पर गावस्कर ने कहा कि फ्रेंचाइजी को कुछ चमत्कार की जरूरत है जो उन्हें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने में मदद करे।

    गावस्कर ने कहा, एक चमत्कार ही उनको आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करवा सकता है। जिस तरह से वे इस समय हैं, हां, वे नंबर चार पर समाप्त हो सकते हैं, लेकिन उन्हें कुछ असाधारण क्रिकेट खेलना होगा, बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में।

  • रहाणे, चावला और मोहित ने साबित किया ‘ओल्ड इज गोल्ड’

    इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा संस्करण में अजिंक्या रहाणे, पीयूष चावला और मोहित शर्मा जैसे पुराने धुरंधरों ने अपने शानदार प्रदर्शन से बात को सही साबित कर दिखाया है कि ओल्ड इज गोल्ड जबकि सत्र की शुरूआत से पहले कोई इन्हे भाव नहीं दे रहा था लेकिन अब ये अपने शानदार प्रदर्शन से अपनी-अपनी टीमों की महत्वपूर्ण कड़ी बन गए हैं। मोहित पिछले वर्ष गुजरात टाइटंस के लिए नेट गेंदबाज थे। इस वर्ष उन्होंने चार मैचों में छह विकेट झटके हैं। उन्हें दो मौकों पर प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार भी मिले हैं। वह कप्तान हार्दिक पांड्या के लिए डैथ ओवरों में पसंदीदा गेंदबाज बन गए हैं।

    रहाणे को चेन्नई सुपर किंग्स ने 50 लाख रुपये के बेस प्राइज पर खरीदा। उनका इस सत्र में जबरदस्त प्रदर्शन रहा है और वह छह पारियों में 224 रन बना चुके हैं। उनका औसत 44.8 और स्ट्राइक रेट 189.83 है। उनके इस प्रदर्शन के कारण उन्हें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारतीय टीम में चुन लिया गया है। पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर मिताली राज ने स्टार स्पोर्ट्स पर रहाणे की सराहना करते हुए कहा, “रहाणे ने अपने खेल को फिर से जिन्दा किया है। वह टी20 फॉर्मेट में खुद को फिट करना चाहते थे, इसलिए उन्होंने अपने खेल को बदला। उनके शॉट्स में कोई परिवर्तन नहीं आया है लेकिन उनके ²ष्टिकोण में काफी बदलाव आया है। रहाणे बिलकुल नए नजर आ रहे हैं।”

    इसे प्रकार सीनियर लेग स्पिनर चावला ने मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए सात मैचों में 11 विकेट लिए हैं। उनकी इकोनॉमी 7.11 रही है। पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने इम्पैक्ट खिलाड़ी नियम को चावला और अमित मिश्रा जैसे सीनियर खिलाड़ियों के लिए वरदान बताते हुए कहा है कि इससे उन्हें हर मैच में प्रभाव छोड़ने का मौका मिला है क्योंकि दोनों अनुभवी खिलाड़ी हैं और अपनी टीमों के लिए उपयोगी हैं। जहां तक युवा खिलाड़ियों की बात है तो पंजाब किंग्स के कार्यवाहक कप्तान सैम करन और मुंबई इंडियंस के आलराउंडर कैमरून ग्रीन, जो आईपीएल 2023 की नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ियों में से एक थे, ने अपनी-अपनी टीमों का भरोसा कायम रखा है। वे बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावशाली साबित हो रहे हैं।

    इंग्लैंड के पूर्व कप्तान पॉल कोलिंगवुड ने कहा, “करन एक सही आलराउंडर हैं। उनका बल्ले और गेंद दोनों रूप में समान असर है। वह एक पॉकेट साइज डाइनामाइट हैं।” पूर्व भारतीय पेसर इरफान पठान ने कहा, “कैमरून ग्रीन ने अपनी कीमत को सही साबित किया है और वह मुंबई इंडियंस के लिए लम्बी रेस के घोड़े साबित हो सकते हैं। हार्दिक पांड्या और कीरोन पोलार्ड के जाने के बाद मुंबई को एक आलराउंडर की जरूरत थी और ग्रीन उनकी जगह को भर सकते हैं।”

  • धोनी ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया

    चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आईपीएल के 45वें मैच में बुधवार को टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बारिश के कारण मैदान गीला होने से टॉस में देरी हुई है।

    चेन्नई के कप्तान धोनी ने टॉस जीतने के बाद कहा कि पिच काफी देर से कवर्स के नीचे थी। ऊपर से यह काफी टैकी दिख रहा है। आज हमारी टीम में आकाश की जगह पर दीपक चाहर टीम में हैं।

    लखनऊ की कप्तानी कर रहे क्रुणाल पांड्या ने कहा कि हम टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी ही करना चाहते थे। हमें नहीं पता है कि यह पिच कैसा खेलेगी। केएल राहुल की जगह पर मनन वोहरा को शामिल किया गया है। साथ ही करन शर्मा भी टीम में हैं। राहुल का चोटिल हो जाना हमारे लिए बहुत बड़ा झटका है लेकिन इससे दूसरे खिलाड़ियों को मौका भी मिलेगा।

    दोनों टीमें इस प्रकार हैं

    लखनऊ: मनन वोहरा, काइल मेयर्स, आयुष बदोनी, क्रुणाल पंड्या, मार्कस स्टॉयनिस, निकोलस पूरन, नवीन उल हक, रवि बिश्नोई, मोहसिन खान, करण शर्मा

    चेन्नई: ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉन्वे, अजिंक्य रहाणे, शिवम दुबे, मोईन अली, रवींद्र जडेजा, एम एस धोनी, दीपक चाहर, महीष थीक्षणा, तुषार देशपांडे, महीष पथिराना

  • डिजिटल पर आईपीएल की विज्ञापनदाताओं से जबरदस्त प्रतिक्रिया

    आईपीएल के मैचों की डिजिटल स्ट्रीमिंग ने पहली बार विज्ञापनदाताओं और दर्शकों दोनों की प्रतिक्रिया के मामले में पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। आईपीएल मैचों के आधिकारिक स्ट्रीमिंग पार्टनर जियोसिनेमा ने टूनार्मेंट के लिए 26 बड़े प्रायोजकों को जोड़ा है। यह किसी भी खेल आयोजन को प्रायोजित करने वालों की सबसे बड़ी संख्या है, जो डिजिटल पर स्ट्रीमिंग कर रहा है।

    डिजिटल पर प्रायोजकों की रिकॉर्ड संख्या इसलिए नहीं है कि इसका आकार छोटा है, बल्कि इसलिए कि ब्रांड डिजिटल के साथ जुड़ने में ज्यादा वैलू देख रहे हैं। आने वाले मैचों के दौरान, जियो सिनेमा और अधिक विज्ञापनदाताओं को जोड़ने की उम्मीद कर रहा है। अब ब्रांडों के पास मूल्यांकन करने के लिए पर्याप्त डेटा उपलब्ध है कि उनका निवेश क्या रिटर्न ला रहा है।

    इस साल, जियो सिनेमा का लक्ष्य आईपीएल के 16वें सीजन पर कुल विज्ञापन खर्च का लगभग 70 प्रतिशत नियंत्रित करना है। अब इनके पास प्रायोजकों की कुछ नई श्रेणियां हैं जिनमें पर्यटन, ऑडियो स्ट्रीमिंग, बीएफएसआई आदि शामिल हैं। व्यूअरशिप और ऐप डाउनलोड के मामले में भी जियो सिनेमा पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ रहा है। दर्शकों की संख्या पहले ही 2.4 करोड़ के शिखर को छू चुकी है। जियो सिनेमा वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक डाउनलोड किए जाने वाले ऐप्स में से एक बना हुआ है।

  • मैड्रिड ओपन : सबलेंका के खिलाफ फाइनल में भिड़ेंगी स्वोटेक

    वल्र्ड नंबर 1 इगा स्वोटेक ने वेरोनिका कुदरमेतोवा पर जीत के साथ मैड्रिड ओपन के फाइनल में पहली बार प्रवेश कर लिया है। पोलिश टेनिस खिलाड़ी ने दोनों सेटों में शुरूआती बढ़त हासिल की और गुरुवार को देर रात सेमीफाइनल में कजान में जन्मी नंबर 12 सीड को 6-1, 6-1 से हराया। शीर्ष वरीय स्वोटेक ने सीजन के पहले डब्ल्यूटीए 1000 क्ले-कोर्ट इवेंट में जीत हासिल करने के लिए 1 घंटा 19 मिनट का समय लिया। कुदरमेतोवा के खिलाफ उनका रिकॉर्ड 4-0 हो गया।

    इस बड़ी जीत के साथ, दूसरे सीधे डब्ल्यूटीए टूर इवेंट के लिए स्वोटेक फाइनल में वल्र्ड नंबर 2 आर्यना सबालेंका से भिड़ेंगी। सबालेंका ने पहला सेमीफाइनल नंबर 9 सीड मारिया सक्कारी के खिलाफ जीता।

    ग्यारह दिन पहले, स्वोटेक ने स्टटगार्ट में टेनिस ग्रां प्री के फाइनल में सबालेंका को पछाड़ा था। स्वोटेक का शनिवार को मैड्रिड फाइनल में जाने वाली सबालेंका के खिलाफ 5-2 से जीत-हार का रिकॉर्ड रहा है। स्वोटेक ने अपनी पिछली तीनों क्ले-कोर्ट मैचों में जीत हासिल की है।

    अपना सातवां करियर डब्ल्यूटीए 1000 फाइनल में पहुंचने वाली स्वोटेक ने कैरोलिन वोज्नियाकी को 22 साल की उम्र से पहले हासिल किए गए सबसे अधिक डब्ल्यूटीए 1000 फाइनल में पहुंचने के रिकॉर्ड की बराबरी की।

    शीर्ष वरीयता प्राप्त स्वोटेक ने दूसरे सेट में 4-1 की बढ़त हासिल की, लेकिन कुदरमेतोवा ने उस गेम में चार ब्रेक प्वाइंट बनाए। स्वोटेक ने उन सभी पर काबू पाया। पिछले 40 सालों में यह तीसरी बार होगा जब वल्र्ड नंबर 1 और नंबर 2 एक ही सीजन में क्ले कोर्ट पर दो बार आमने-सामने होंगी।

  • दुनिया भर में टी20 लीग होने के कारण फुटबॉल की राह पर चल पड़ा है क्रिकेट : रवि शास्त्री

    पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री का मानना है कि दुनिया भर में टी20 लीग होने से क्रिकेट अब फुटबॉल की राह पर चल पड़ा है। उन्होंने चेताया कि खिलाड़ी भविष्य में केवल विश्व कप जैसे ग्लोबल इवेंट्स खेलने में ही इच्छुक होंगे। शास्त्री ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से कहा, “मैंने हमेशा कहा है कि इसका द्विपक्षीय क्रिकेट पर असर पड़ेगा। इस बात में कोई संदेह नहीं। दुनिया भर में लीग फैल रही हैं और क्रिकेट फुटबॉल के रास्ते पर जा रहा है। टीमें विश्व कप से पहले इकठ्ठा होंगी, वे कुछ द्विपक्षीय मैच खेलेंगी, क्लब अपने खिलाड़ियों को रिलीज कर देंगे और आप मेगा विश्व कप खेलेंगे। लम्बे समय में ऐसा ही होने जा रहा है चाहे आप इसे पसंद करें या न करें।”

    हाल की रिपोटरें में कहा गया है कि खिलाड़ियों से फ्रेंचाइजियों ने संपर्क कर अनुबंध पर हस्ताक्षर करने को कहा है जहां टीम मालिक उनके मुख्य नियोक्ता होंगे न कि उनके देशों की क्रिकेट संस्थाएं। शास्त्री ने कहा कि खिलाड़ियों को अपने देश या क्लब में से एक को भविष्य में जल्द पसंद करना पड़ सकता है। खास तौर पर उनके लिए जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक नहीं पहुंच पाते हैं।”

    उन्होंने कहा, “हमारे देश की आबादी को देखिये। हम 1.4 अरब लोग हैं और केवल 11 ही भारत के लिए खेल सकते हैं। तो फिर बाकी क्या करेंगे। उनके पास सफेद बॉल क्रिकेट खेलने का मौका है। यह उनकी ताकत है, दुनिया भर में फैली विभिन्न फ्रेंचाइजियों के लिए। इस मौके को भुनाइये। यह उनका जीवन यापन है, यह उनकी आय है। इसे उनसे कोई नहीं छीन सकता। वे बीसीसीआई से अनुबंधित नहीं हैं। उन्हें कौन रोक रहा है।”

    शास्त्री ने कहा वे अपनी लीग को बचाने के लिए कितना करना चाहते हैं यह हमारी लीग है और इस लीग को बचाना हमारे लिए सर्वोच्च है। लेकिन कुछ खिलाड़ियों को जाने देने से कोई फर्क नहीं पड़ता। इससे लीग पर कोई असर भी नहीं पड़ेगा।”
    पूर्व भारतीय आलराउंडर शास्त्री ने निष्कर्ष में कहा कि क्रिकेट में संभावित बदलाव को लेकर वह बिलकुल भी दुखी नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि खेल के एक प्रारूप पर असर पड़ेगा और यह 50 ओवर क्रिकेट होगा।

  • सर विवियन रिचर्डस हैं क्रिकेट के ‘रियल बॉस’ : विराट कोहली

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के करिश्माई बल्लेबाज विराट कोहली ने वेस्ट इंडीज के महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्डस का एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर साझा किया है जिस पर कैप्शन दिया गया है “द रियल बॉस”

    इस इंटरव्यू में रिचर्डस ने अपनी इच्छा जाहिर की कि वह इंडियन प्रीमियर लीग जैसी टी20 लीग में खेलना चाहते थे यदि उनके खेलने के समय में ऐसी लीग होती।

    रिचर्डस ने कहा, “मुझे ऐसी लीग में खेलना बहुत पसंद आता।” रिचर्डस को सबसे खतरनाक स्ट्राइकर समझा जाता था। टेस्ट मैचों में उनका स्ट्राइक रेट 86.07 और वनडे में 90.02 था। 71 वर्षीय रिचर्डस ने अपना आखिरी टेस्ट 1991 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था।

    कोहली पर हाल में लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर गौतम गंभीर से उलझने के कारण 100 फीसदी मैच फीस का जुर्माना किया गया था।

    विराट छह मई को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते दिखाई देंगे।

  • जिस तरह राशिद बल्लेबाजों को छकाते हैं वह देखना अद्भुत है : ब्रेट ली

    गुजरात जायंट्स ने अपने स्पिनरों राशिद खान और नूर अहमद की घातक गेंदबाजी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल मुकाबले में शुक्रवार रात नौ विकेट से पीट दिया। अनुभवी अफगान स्पिनर राशिद ने चार ओवर में 3/14 विकेट हासिल किये जबकि उनके युवा साथी अहमद ने तीन ओवर में 2/25 विकेट लिए। गुजरात ने राजस्थान को 17.5 ओवर में 118 रन पर समेट दिया। गुजरात ने मजबूत बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 13.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान हार्दिक पांड्या ने मात्र 15 गेंदों पर नाबाद 39 रन ठोके जबकि शुभमन गिल (36) और रिद्धिमान साहा (नाबाद 41) ने पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़े।

    गुजरात इस जीत के साथ 10 मैचों से 14 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। राजस्थान इस हार के बाद 10 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। जियोसिनेमा के आईपीएल विषेशज्ञ आरपी सिंह ने कहा, “मोहम्मद शमी हर मैच के साथ सुधार कर रहे हैं और उनके पास पर्पल कैप भी है। हार्दिक पांड्या भी अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। दूसरी तरफ उनका स्पिन विभाग भी शानदार गेंदबाजी कर रहा है। राशिद खान और नूर अहमद ने एक सशक्त जोड़ी बनायी है।”

    आरपी सिंह ने कहा, “उन्होंने लम्बे समय बाद मोहित शर्मा को भी आक्रमण पर लगाया है। हर खिलाड़ी अपना काम बखूबी कर रहा है। आज तो स्पिनरों ने मैच पर अपना शिकंजा कस दिया और रॉयल्स के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं मिला।”

    पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने राशिद की सराहना करते हुए कहा,”राशिद को दुनिया भर में प्यार किया जाता है। वह अपने देश के लिए बहुमूल्य हैं। वह जिस तरह बल्लेबाज को छकाते हैं वह देखना अद्भुत है। उन्होंने आज शानदार गेंदबाजी की। पिछले दो-तीन मैचों में उन्हें विकेट नहीं मिले थे और आज उन्होंने साबित किया कि क्यों वह विश्व में सर्वश्रेष्ठ हैं। चार ओवर में 3/14 विकेट लेकर उन्होंने दिखाया कि वह बेहतरीन हैं।”

  • चेन्नई ने टॉस जीता, पहले गेंदबाजी चुनी

    चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुम्बई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल के 49वें मैच में शनिवार को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी ने टॉस जीतने के बाद कहा कि बारिश की संभावना है इसलिए यह पहले गेंदबाजी करने की एक वजह है। हम चाहते हैं कि मुंबई हमारे लिए टारगेट सेट करे। टूर्नामेंट का दूसरा हाफ शुरू हो चुका है इसलिए हमें पेशेवर रवैया अपनाने की जरूरत है। चेन्नई ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।

    मुम्बई के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि हमने अच्छी क्रिकेट खेली है। 9 मुकाबले खेलने के बाद हमने इस बात की शिना़ख्त कर ली है कौन सा खिलाड़ी कैसी भूमिका निभा सकता है। मुंबई की टीम में दो बदलाव किये गए हैं। तिलक वर्मी की जगह पर ट्रिस्टन स्टब्स लाए गए हैं जबकि कुमार कार्तिकेय भी बाहर हैं उनकी जगह पर राघव गोयल डेब्यू कर रहे हैं।

    दोनों टीमें इस प्रकार हैं :

    मुंबई : कैमरन ग्रीन, इशान किशन, रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, नेहाल वढ़ेरा, टिम डेविड, ट्रिस्टन स्टब्स, जोफ्ऱा आर्चर, अरशद खान, पीयुष चावला, आकाश मधवाल

    इंपैक्ट प्लेयर विकल्प : रमनदीप सिंह, कुमार कार्तिकेय, राघव गोयल, डेवॉल्ड ब्रेविस, विष्णु विनोद

    चेन्नई : डेवन कॉन्वे, ऋतुराज गायकवाड़, अजिंक्य रहाणे, मोईन अली, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), दीपक चाहर, मथीशा पथिराना, महीश थीक्षणा, तुषार देशपांडे

    इंपैक्ट प्लेयर विकल्प : अंबाती रायुडू, मिचेल सैंटनर, सुभ्रांशु सेनापति, शेख रशीद, आकाश सिंह

  • कोहली ने पोस्ट किया वीडियो, गंभीर के साथ विवाद खत्म करने की कोशिश

    रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के बल्लेबाज विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाद लखनऊ सुपरजाइंट्स के अफगान गेंदबाज नवीन-उल-हक और उनके मेंटर गौतम गंभीर के साथ अपने हालिया विवाद को खत्म करते नजर आ रहे हैं। बुधवार को कोहली ने अमेरिकी स्टैंड-अप कॉमेडियन केविन हार्ट का एक गुप्त वीडियो साझा किया।

    हार्ट वीडियो में कहते हैं, द्वेष, क्रोध, नकारात्मकता.. मेरे पास इसके लिए समय नहीं है। क्योंकि मैं इतनी सारी सकारात्मक चीजें करने के लिए जी रहा हूं। मैं अतीत में और जो गलत था उसमें स्नान नहीं कर सकता। हालांकि कोहली ने इसका जिक्र नहीं किया, लेकिन वीडियो को विवाद की घटना से आगे बढ़ने की कोशिश के रूप में लिया जा सकता है।

    कोहली का नवीन-उल-हक और एलएसजी के काइल मेयर के साथ एक गर्म वाद-विवाद हो गया था। क्योंकि मैच समाप्त होने के बाद अफगान खिलाड़ी ने कोहली से हाथ मिलाने से परहेज किया था। भारतीय टीम और दिल्ली रणजी ट्रॉफी टीम में कोहली के पूर्व सहयोगी गंभीर ने उस समय विवाद खड़ा कर दिया, जब उन्होंने आरसीबी के पूर्व कप्तान पर कई बार अपशब्दों का प्रयोग किया। एलएसजी कप्तान केएल राहुल और अन्य खिलाड़ियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। इन तीनों पर आईपीएल द्वारा घटना में उनकी संबंधित भूमिकाओं के लिए भारी जुर्माना लगाया गया था।

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोहली ने बीसीसीआई के कुछ अधिकारियों से कहा है कि उन्होंने नवीन और गंभीर को कुछ भी गलत नहीं कहा। तब से, नवीन-उल-हक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से इस घटना पर कुछ परोक्ष टिप्पणियां की हैं। अपनी प्रारंभिक टिप्पणी में, उन्होंने कहा कि वह क्रिकेट खेलने के लिए भारत आए हैं और किसी के द्वारा मौखिक रूप से दुर्व्यवहार किया गया है। मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कोहली के सस्ते में आउट होने के बाद वह जश्न के मूड में नजर आए, क्योंकि आरसीबी छह विकेट से हार गई थी।