Category: business

  • 27 लाख करोड़ की आई कमी विश्व भर के अरबपतियों की दौलत में: रिपोर्ट

    27 लाख करोड़ की आई कमी विश्व भर के अरबपतियों की दौलत में: रिपोर्ट

    पिछले साल विश्व भर के अरबपतियों की दौलत 388 अरब डॉलर (करीब 27 लाख करोड़ रुपये) घटकर 8.539 लाख करोड़ डॉलर रह गई। यह इन्वेस्टमेंट बैंकिंग कम्पनी UBS और PwC की रिपोर्ट में दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, राजनीतिक और क्षेत्रीय विवादों के चलते और इक्विटी मार्केट में व्याप्त अनिश्चितता के कारण इस दशक में पहली बार अरबपतियों की संपत्ति घटी है।

    चीन के अरबपतियों को सबसे ज्यादा नुकसान
    रिपोर्ट में साफ-साफ कहा गया है कि साउथ चीन जहां विश्व में अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा अरबपति बसते हैं, उनकी संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है। खासकर अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर से अरबपतियों को काफी नुकसान हुआ है। 2008 के बाद पहली बार 2018 में अरबपतियों की दौलत घटी है।

    चीन के अरबपतियों की दौलत 12.80 फीसदी घटी
    चीन के अरबपतियों की दौलत में करीब 12.80 फीसदी की कमी हुई है। इस दौरान चीन की विकास की रफ्तार भी धीमी हुई, करेंसी की कीमत में गिरावट आई और स्टॉक मार्केट में अनिश्चितता के कारण वहां के अमीरों को काफी नुकसान पहुंचा है। रिपोर्ट की मानें तो इन परिस्थितियों में भी चीन हर 2-2.5 दिनों में एक अरबपति को पैदा कर रहा है।

     

  • अनिल अंबानी के खिलाफ 47,600 करोड़ का कर्ज नहीं चुकाने के कारण मामला दर्ज

    अनिल अंबानी के खिलाफ 47,600 करोड़ का कर्ज नहीं चुकाने के कारण मामला दर्ज

    तीन चाइनीज बैंक ने अनिल अंबानी के खिलाफ 680 मिलियन डॉलर (करीब 47,600 करोड़) रुपए नहीं चुकाने का मामला लंदन कोर्ट में दर्ज किया है। इंडस्ट्रियल ऐंड कमर्शल बैंक ऑफ चाइना लिमिटेड, चाइना डिवेलपमेंट बैंक और एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक ऑफ चाइना ने 2012 में अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन्स को 925.20 मिलियन डॉलर (करीब 64,750 करोड़ रुपए) का लोन दिया था। उस समय अनिल अंबानी ने कहा था कि वह इस लोन की पर्सनल गारंटी देते हैं, लेकिन फरवरी 2017 के बाद कंपनी लोन चुकाने में डिफॉल्ट हो गई।

    निजी संपत्ति को गारंटी नहीं बनाया- अनिल अंबानी
    इस मामले पर अनिल अंबानी का कहना है कि उन्होंने पर्सनल कंफर्ट लेटर देने की बात कही थी, उन्होंने निजी संपत्ति को गारंटी बनाने की पेशकश कभी नहीं की। अनिल अंबानी के वकील ने कहा कि ICBC बैंक लगातार अनिल अंबानी और उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन्स में अंतर नहीं करने की भूल करता रहा।

    रिलायंस ग्रुप पर 93 हजार करोड़ का कर्ज
    अनिल अंबानी रिलायंस कम्युनिकेशन्स के चेयरमैन हैं और उनका रिलायंस ग्रुप पिछले कुछ समय से कठिनाइयों के दौर से गुजर रहा है। ग्रुप पर कर्ज का बहुत बड़ा बोझ है, जिसकी वजह से परेशानी में है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर तक रिलायंस ग्रुप पर 13.2 अरब डॉलर (करीब 93 हजार करोड़ रुपये) का कर्ज है।

    एरिक्शन के साथ भी था ऐसा विवाद
    एरिक्शन के साथ भी इसी तरह का विवाद सामने आया था। रिलायंस कम्युनिकेशन्स को एरिक्शन को 550 करोड़ रुपये चुकाने थे। सुप्रीम कोर्ट के कहने के बाद अनिल अंबानी कर्ज चुकाने के लिए तैयार हुए और इसमें मुकेश अंबानी ने उनकी मदद की।

  • विभिन्न शहरों से अहमदाबाद के लिए एयर एशिया इंडिया शुरू करेगी कई उड़ानें

    विभिन्न शहरों से अहमदाबाद के लिए एयर एशिया इंडिया शुरू करेगी कई उड़ानें

    नई दिल्ली: विमानन कंपनी एयर एशिया इंडिया अहमदाबाद-बेंगलुरु मार्ग पर दैनिक उड़ान शुरू करेगी। साथ ही एयरलाइन माह के अंत तक गुजरात की वाणिज्यिक राजधानी को दिल्ली, गोवा और हैदराबाद जैसे अन्य प्रमुख गंतव्यों से जोड़ने के लिए विभिन्न उड़ानें शुरू करेगी।। कंपनी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एयर एशिया इंडिया 22 नवंबर को अहमदाबाद-बेंगलुरु मार्ग पर सेवा शुरू करेगी। इसके साथ अहमदाबाद एयरलाइन के नेटवर्क में 21वां गंतव्य होगा।

    एयरलाइन के मुख्य परिचालन अधिकारी संजय कुमार ने कहा, ‘हम जल्दी ही अहमदाबाद-दिल्ली मार्ग पर विमान सेवा शुरू करेंगे। इसमें उड़ानों की संख्या रोजाना तीन होगी। साथ ही हम अहमदाबाद-बेंगलरु मार्ग पर सेवा बढ़ाकर रोजाना दो बार करेंगे।’ उन्होंने कहा कि एयरलाइन अहमदाबाद मार्ग पर परिचालन का विस्तार कर रही है। इसके तहत अहमदाबाद-गोवा और अहमदाबाद-हैदराबाद मार्गों पर उड़ानें शुरू की जाएंगी।

    एयर एशिया इंडिया, टाटा संस लि. और मलेशया की एयर एशिया बेरहाद का संयुक्त उद्यम है। कुमार ने कहा, ‘…हमारी 2020 तक कुछ और गंतव्यों को जोड़ने की योजना है।’ एयरलाइन के पास 10 अक्टूबर तक कुल 20 विमानों का बेड़ा था। उसके बाद से उसने चार विमान जोड़े हैं। उन्होंने कहा, ‘फिलहाल हमारे बेड़े में विमानों की संख्या 24 है और हम साल के अंत तक पांच और विमान शामिल करेंगे।’

  • घरेलू शेयर बाजार की चाल तय होगी प्रमुख आर्थिक आंकड़ों से

    घरेलू शेयर बाजार की चाल तय होगी प्रमुख आर्थिक आंकड़ों से

    मुंबई। भारतीय शेयर बाजार की चाल इस सप्ताह जारी होने वाले प्रमुख आर्थिक आंकड़ों से तय होगी। हालांकि बाजार पर देश-विदेश के ताजा घटनाक्रमों का असर देखने को मिलेगा। इसके अलावा, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों और घरेलू संस्थागत निवेशकों के निवेश रुझानों से भी बाजार की दिशा तय होगी। वहीं, डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव पर बाजार की नजर रहेगी।

    सप्ताह के आरंभ में सोमवार को औद्योगिक व विनिर्माण क्षेत्र के उत्पादन के आंकड़े जारी हो सकते हैं, जिससे यह जानने को मिलेगा कि देश में सितंबर महीने में औद्योगिक उत्पादन की रफ्तार कैसी रही। इसका असर बाजार पर देखने को मिलेगा।

    वहीं, देश की कुछ प्रमुख कंपनियां चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के अपने वित्तीय नतीजे इस सप्ताह जारी करेंगी, जिन पर निवेशकों की निगाहें होंगी। अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनोमिक जोन, कोल इंडिया और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज अपने वित्तीय नतीजे सोमवार को जारी करेंगी जबकि ग्रासिम इंडस्ट्रीज और ओएनजीएस के वित्तीय आंकड़े गुरुवार को जारी होंगे।

    सप्ताह के दौरान गुरुवार को ही थोक महंगाई दर के अक्टूबर महीने के आंकड़े जारी होंगे जिनका बाजार को इंतजार रहेगा।

    बाजार के जानकार बताते हैं कि बीते सप्ताह के आखिर में शनिवार को राम जन्मभूमि मालिकाना हक मामले में सुप्रीम कोर्ट का बहुप्रतीक्षित फैसला आने के बाद इस काफी पुराने मामले का अंत होने से देश में जो सकारात्मक माहौल बना है, उसका असर वित्तीय बाजार पर भी दिखेगा।

    उधर, अमेरिका में अक्टूबर महीने के लिए बिक्री के आंकड़े शुक्रवार को जारी किए जाएंगे और जापान में जीडीपी वृद्धि दर के आंकड़े जारी होंगे। इन सबके अलावा, अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक समझौते की दिशा में होने वाली प्रगति पर बाजार की नजर बनी रहेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि चीन के साथ व्यापार वार्ता सही दिशा में चल रही है लेकिन अमेरिका तभी चीन के साथ करार करेगा जब करार अमेरिका के लिए सही होगा।

  • सितारों का लगा जमावड़ा मुकेश अंबानी की बहन की बेटी की प्री वेडिंग पार्टी में, देखें फोटो

    सितारों का लगा जमावड़ा मुकेश अंबानी की बहन की बेटी की प्री वेडिंग पार्टी में, देखें फोटो

    मुंबई। उद्योगपति मुकेश अंबानी और अनिल अंबानी की बहन नीना कोठारी की बेटी की प्री-वेडिंग पार्टी में रविवार रात को सितारों का जमावड़ा लग गया। यह पार्टी मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया में आयोजित की गई थी। आपको बताते जाए कि मुकेश अंबानी की दो बहनें हैं। एक नीना कोठारी, दूसरी दीप्ती सलगांवकर हैं।

    सुपर स्टार शाहरुख खान अंबानी परिवार के यहां होने वाली पार्टी में शामिल होने पहुंचे। इस अवसर पर शाहरुख खान ने ब्लैक कलर का सूट पहना हुआ था। अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या भी पार्टी में शामिल होने पहुंचे।

    इस मौके पर अभिषेक बच्चन ने ब्लैक कलर का सूट पहन रखा था। बॉलीवुड के शाहिद कपूर और मीरा राजपूत में शामिल हुए। इस पार्टी में बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस, अनिल अंबानी के साथ उनकी पत्नी टीना अंबानी भी पहुंचीं।

    इनका स्वागत करने लिए आकाश अंबानी की पत्नी श्लोका मेहता एंट्री गेट पर आईं। इस पार्टी में बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर भी आए। इनके साथ उनकी पत्नी सुनीता कपूर भी नजर आईं।

  • 2 महीने के निचले स्तर पर आया डॉलर के मुकाबले रुपया

    2 महीने के निचले स्तर पर आया डॉलर के मुकाबले रुपया

    नई दिल्ली। देश के शेयर बाजार में तेजी के बावजूद देसी करेंसी रुपए की चाल सुस्त पड़ गई है। डॉलर के मुकाबले रुपया बुधवार को पिछले सत्र से 29 पैसे की कमजोरी के साथ 71.75 रुपया प्रति डॉलर पर खुला जोकि करीब दो महीने के निचले स्तर पर चला गया। इससे पहले 17 सितंबर को एक डॉलर का हाजिर भाव 71.97 रुपये था। पिछले सत्र में डॉलर के मुकाबले रुपया करीब एक महीने के निचले स्तर पर 71.46 पर बंद हुआ था।

    हालांकि शेयर बाजार में कुल मिलाकर इस महीने तेजी का रुख रहा और सेंसेक्स ने बीते सप्ताह आठ नवंबर को 40,749.33 के रिकॉर्ड स्तर को छुआ और निफ्टी 12,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर चला गया। हालांकि उसके बाद दोनों सूचकांक सीमित दायरे में बने हुए हैं।

    एंजेल ब्रोकिंग के डिप्टी वाइस प्रेसीडेंट ( करेंसी एवं एनर्जी रिसर्च) अनुज गुप्ता की मानें तो रुपये की कमजोरी के पीछे इस समय घरेलू और विदेशी दोनों प्रकार के कारक हैं।

    गुप्ता ने कहा कि औद्योगिक उत्पादन के खराब आंकड़े, महाराष्ट्र में सरकार बनने को लेकर राजनीतिक अस्थिरता का माहौल, रेटिंग एजेंसी मूडीज द्वारा भारत के क्रेडिट रेटिंग आउटलुक को नकारात्मक बताए जाने से रुपये में कमजोरी आई है।

    कार्वी कॉमट्रेड लिमिटेड के करेंसी विशेषज्ञ सितेश ने कहा कि अमेािका-चीन के बीच व्यापारिक मसले को लेकर वार्ता पर अनिश्चितता भी एक वजह है जिसके कारण देसी करेंसी पर दबाव है जबकि डॉलर मजबूत हुआ।

    केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने भी कहा कि मूडीज की रिपोर्ट से रुपये में कमजोरी बढ़ी है।

    उन्होंने कहा कि अमेरिका-चीन के बीच व्यापारिक मसले को लेकर टकराव और ब्रेक्जिट का मसला अभी तक बना हुआ है। इसके अलावा आनेवाले दिनों में ओपेक सदस्यों द्वारा कच्चे तेल की आपूर्ति में कटौती को लेकर फैसला लिया जा सकता है, जिससे रुपये पर और दबाव आ सकता है। ओपेक की अगली बैठक छह दिसंबर को है।

     

  • लगातार पांचवें दिन बढ़े पेट्रोल के दाम, डीजल में राहत

    लगातार पांचवें दिन बढ़े पेट्रोल के दाम, डीजल में राहत

    नई दिल्ली। पेट्रोल के दाम में लगातार पांचवें दिन मंगलवार को वृद्धि हुई, लेकिन डीजल के दाम में लगातार दूसरे दिन कटौती होने से उपभोक्ताओं को राहत मिली है। उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में पिछले सत्र की नरमी के बाद फिर तेजी का रुख बना हुआ है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में मंगलवार को दिल्ली, मुंबई और चेन्नई में 10 पैसे जबकि कोलकाता में नौ पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की जबकि डीजल की कीमत इन चारों महानगरों में छह पैसे प्रति लीटर कम हो गई है।

    पांच दिनों में देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल के दाम में 70 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि डीजल के दाम में दो दिनों से कटौती की जा रही है, जिससे दिल्ली में डीजल इन दो दिनों में 12 पैसे प्रति लीटर सस्ता हो गया है।

    इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम बढ़कर क्रमश: 73.30 रुपये, 76.00 रुपये, 78.97 रुपये और 76.18 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। हालांकि चारों महानगरों में डीजल के दाम घटकर क्रमश: 65.79 रुपये, 68.20 रुपये, 69.01 रुपये और 69.54 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।

    अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज पर ब्रेंट क्रूड के जनवरी डिलीवरी अनुबंध में मंगलवार को 0.31 फीसदी की तेजी के साथ 62.37 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था। वहीं, न्यूयार्क मर्केंटाइल एक्सचेंज पर अमेरिकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट के दिसंबर अनुबंध 0.28 फीसदी की बढ़त के साथ 57.02 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था।

  • भारतीय बाजार में मर्सिडीज बेंज ने उतारा वी क्लास एलीट एमपीवी, जानें कीमत…

    भारतीय बाजार में मर्सिडीज बेंज ने उतारा वी क्लास एलीट एमपीवी, जानें कीमत…

    जर्मनी की मशहूर लग्जरी कार निर्माता कंपनी मर्सिडीज ने भारतीय बाजार में अपने नए मल्टी पर्पज विकल (एमपीवी) मर्सिडीज बेंज वी क्लास एलीट को लॉन्च कर दिया है। भारत में मर्सिडीज बेंज की कारें काफी लोकप्रिय हैं। इसमें 1950 सीसी का इंजन दिया गया है, जो कि 6300 आरपीएम पर 120 केडब्ल्यू की पावर और 4500 आरपीएम पर 380 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है।

    गियरबॉक्स के मामले में यह कार 9जी ट्रॉनिक से लैस है। कार 6 सीटर लॉन्ग व्हीलबेस वेरिएंट में अवलेबल होगी। कार 11 सैकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकडऩे में सक्षम है। कार में मसाज फंक्शन के साथ लग्जरी सीट्स, एजिलिटी कंट्रोल सस्पेंशन, क्लाइमेट कंट्रोल और 15 स्पीकर के साथ बर्मेस्टर सराउंड साउंड सिस्टम दिया गया है। स्पेन में तैयार यह कार 90 देशों में बेची जाएगी।

    रेफ्रीजेरेटर कंपार्टमेंट के साथ सेंट्रल कंसोल, पैरानोमिक स्लाइडिंग रूफ (ऑप्शनल), 17 इंच के एलॉय व्हील हैं और ऑप्शनल में 18 इंच के अलॉय व्हील भी लिए जा सकते हैं। सेपरेट रियर विंडो ओपनिंग के साथ ईजी पैक टेलगेट भी दिया गया है। सेफ्टी फीचर्स में 6 एयरबैग्स, अटेनशन असिस्ट, 360 डिग्री कैमरे के साथ एक्टिव पार्किंग असिस्ट और प्री सेफ इनक्लूड हैं।

    कार स्टील ब्लू, सेलेनाइट ग्रे, ग्रेफाइट ग्रे डार्क ऑब्डियन ब्लैक मैटेलिक, कैवेनसाइट ब्लू मैटेलिक, रॉक क्रिस्टल व्हाइट मैटेलिक और ब्रिलियंट सिल्वर मैटेलिक कलर ऑप्शन में अवलेबल है। कार की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 1.10 करोड़ रुपए है। लग्जरी वाहन बाजार में मर्सिडीज बेंज की करीब 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है। यह कार बीएस-6 मानकों के अनुकूल है। मर्सिडीज बेंज अपने भारतीय कारखानों में बीएस-4 वाहनों का उत्पादन एक जनवरी 2020 से बंद कर देगी।

  • फिर लगा मोदी सरकार को झटका, भारत की GDP अनुमान को मूडीज ने 5.8 फीसदी से घटाकर किया 5.6 फीसदी

    फिर लगा मोदी सरकार को झटका, भारत की GDP अनुमान को मूडीज ने 5.8 फीसदी से घटाकर किया 5.6 फीसदी

    नई दिल्ली। रेटिंग एजेंसी मूडीज ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) वृद्धि के अनुमान को 5.8 फीसदी से घटाकर 5.6 फीसदी कर दिया। इससे मोदी सरकार को फिर झटका लगा है।

    मूडीज इनवेस्टर्स सर्विस ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को 5.8 प्रतिशत से घटाकर 5.6 प्रतिशत करते हुए कहा कि जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) में नरमी अपेक्षा के विपरीत लंबी अवधि तक खींच गई है। इसके कारण उसे अपने अनुमान को कम करना पड़ा है। क्रेडिट रेटिंग और शोध सेवा सेवा देने वाली कंपनी ने बताया कि हमने भारत के लिए आर्थिक वृद्धि के अनुमान को घटा दिया है। हमारा अनुमान है कि 2019-20 में यह 5.6 प्रतिशत रहेगी जो 2018-19 में 7.4 प्रतिशत थी।

    मूडीज इनवेस्टर्स सर्विस के अनुसार 2020-21 और 2021-22 में आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी और यह क्रमश: 6.6 प्रतिशत तथा 6.7 प्रतिशत रह सकती है। लेकिन वृद्धि की गति पूर्व वर्षों के मुकाबले धीमी ही रहेगी।

    उन्होंने बताया कि भारत की आर्थिक वृद्धि दर 2018 के मध्य से धीमी पड़ रही है। वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 2019 की दूसरी तिमाही में करीब 8 प्रतिशत से घटकर 5 प्रतिशत पर आ गई। बेरोजगार बढ़ रही है।

  • लगातार तीसरे दिन बढ़े पेट्रोल के दाम

    लगातार तीसरे दिन बढ़े पेट्रोल के दाम

    नई दिल्ली। पेट्रोल के दाम में शनिवार को लगातार तीसरे दिन इजाफा हुआ, जबकि डीजल के दाम स्थिर रहे। डीजल के दाम में लगातार चौथे दिन कोई बदलाव नहीं हुआ। दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में पेट्रोल के दाम में 14 पैसे जबकि चेन्नई में 15 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। इन तीन दिनों में दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में पेट्रोल 47 पैसे जबकि चेन्नई में 50 पैसे लीटर महंगा हो गया है।

    इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल बढ़कर क्रमश: 73.77 रुपये, 76.47 रुपये, 79.44 रुपये और 76.68 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। हालांकि चारों महानगरों में डीजल के दाम पूर्ववत क्रमश: 65.79 रुपये, 68.20 रुपये, 69.01 रुपये और 69.54 रुपये प्रति लीटर बने हुए हैं।