गोरखपुर. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के गढ़ माने जाने वाले गोरखपुर में भी बदमाश खुलेआम अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस कुछ भी न कर पाने की स्थिति में दिखाई दे रही है. बता दें कि ताजा मामला इंटर कॉलेज में बदमाशों द्वारा की जाने वाली छेड़खानी का है, जिसके कारण कॉलेज को बंद करने का फैसला लिया गया है.
दरअसल, गोरखपुर के तीलौरा स्थित इंटर कॉलेज को बंद कर दिया गया. यह फैसला कॉलेज प्रशासन ने शनिवार को लिया. साथ ही गेट पर ताला जड़ने के बाद यहां एक पोस्टर टांग दिया, जिस पर लिखा था कि शोहदों और गुंडों की वजह से यह स्कूल बंद है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इंटर कॉलेज प्रशासन ने छेड़खानी करने वाले शोहदों की सूचना पुलिस को दी थी लेकिन पुलिस ने जब कोई कार्रवाई नहीं की तो उल्टे शोहदों ने स्कूल के शिक्षकों को पीट दिया. इससे खफा होकर कॉलेज प्रशासन ने गेट बंद कर ये पोस्टर टांग दिया.
पुलिस में शिकायत करने के बाद छेड़खानी करने वाले लड़कों ने स्कूल के शिक्षकों को जान से मारने की धमकी भी दी. बता दें कि स्कूल में दो हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं, लेकिन हाल के दिनों में छात्राओं से छेड़खानी की घटनाएं बढ़ी थीं.
Leave a Reply