अमेठी में पिटाई से हुई थी भरत की मौत,केश दर्ज

राम कैलाश पटेल की रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश के अमेठी में दबंगों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि झगड़ा शराब पीने को लेकर हुआ था। एक व्यक्ति शराब के नशे में बाहर गाली गलौज कर रहा था तो दूसरे लोगों ने उसे रोका। जब वह नहीं माना तो उसे घर के बाहर लगे पेड़ से बांधकर पीट दिया। घर वालों का आरोप है कि दबंगों ने उसे जहर भी खिला दिया है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन लखनऊ ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

परिजनों का आरोप जहर देकर मार दिया

जानकारी के अनुसार, अमेठी कोतवाली क्षेत्र के लाला का पुरवा गांव निवासी राम भरत श्रीवास्तव की पिटाई से मौत हो गई है। मृतक की पत्नी सुरभि श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार शाम उसका पति घर के बाहर गेट पर बैठा था कि गांव के उमेश पाण्डेय और नीलेश पाण्डेय उठाकर ले गए और पति को पेड़ में बांधकर पीटने लगे। घटना के समय सुरभि घर पर अकेले थी, उसके ससुर आदि गांव के ही दूसरे मकान पर थे। वो उन्हें घटना के बाबत जानकारी देने के लिए दूसरे मकान पर गई। जब वह लौटकर आई तो नीलेश और उमेश ने उसके पति को जहर दे दिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर जा ही रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया। इस मामले में सीओ अमेठी अर्पित कपूर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नशे की हालत में हुआ था झगड़ा

स्थानीय लोगों की मानें तो रामभरत शराब पीने का आदी था। गुरुवार रात भी उसने शराब पी रखी थी और नशे की हालत में वो उमेश और नीलेश से भिड़ गया था। वाद-विवाद में मामला तूल पकड़ गया और नौबत गाली-गलौज पर आ गई। तभी आरोपी उमेश और नीलेश ने गुस्से में आकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। सामने ही एक पेड़ था जिसमें बांधकर दोनों ने उसे जमकर पीटा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *