गन्ने के खेत में दो तेंदुए के पदचिह्न दिखे, किसानों में दहशत

[object Promise]

उपेन्द्र कुशवाहा

पडरौना,कुशीनगर : जिले  के खड्डा क्षेत्र के ग्राम लखुआ लखुई के भितहा मौजा में स्थित गन्ने के खेत में सोमवार को दो तेंदुएं का पद चिह्न दिखाई देने से किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है। किसानों ने सरेह मे एक साथ दो तेंदुए के विचरण करने की सूचना वन विभाग को दी है, जिस पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर खेतों में मौजूद पदचिह्नों की जांच पड़ताल कर रही है।

खड्डा क्षेत्र के छपिया गांव से सटे महराजगंज जिले का गेडहरुवा जंगल पड़ता है। इसी जंगल मे रहने वाले जंगली जानवर विचरण के दौरान जंगल से सटे आस-पास के गावों के समीप पहुंच जाते हैं। ग्राम लखुआ लखुई निवासी रवि आलम, राम प्रकाश, प्रेम पासवान, विवेक, शशिकांत गुप्ता, फरतुल्ला अंसारी सोमवार की सुबह भितहा मौजा में स्थित अपने खेत में लगे गन्ने की फसल को देखने गये थे।

इसी दौरान बेचू कुशवाहा के खेत में दो-दो तेंदुए का पद चिह्न देख उनके होश उड़ गये। इन किसानों ने सरेह में तेंदुए के विचरण करने की सूचना मोबाइल से ग्रामीणों को दी और मौके पर दर्जनों की सख्या में ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर पहुंच गये। लोगों ने आस पास के खेतों में तेंदुए की काफी खोजबीन की, लेकिन स्थान बदलने के चलते दोनों तेंदुए कहीं नहीं दिखे। तेंदुए के दो-दो पदचिह्न देख लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम लोगों को अकेले सरेह की तरफ नहीं जाने कि हिदायत देते हुए तेंदुए की खोजबीन में जुट गयी है।
———
कई बार खेतों में निकल चुका है तेंदुआ

खड्डा क्षेत्र के खेतों में तेंदुआ के होने की यह पहली घटना नहीं है। बीते 12 दिसम्बर को कपसी जंगल से सटे रामपुर गोनहा निवासी रिखई यादव के केले के खेत में एक तेंदुआ ने एक हिरण पर हमला कर उसे मार डाला था। वहीं 10 जनवरी को एक तेंदुआ महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के पलकौली गांव मे पहुंच गया था, जहां उसने एक कुत्ते को अपना शिकार बनाया था। 30 जनवरी को एक तेंदुआ जंगल से भटकर रामपुर गोनहा के भरपटिया टोला के समीप स्थित गिरनहिया घाट की तरफ खेतों में पहुंच गया था। इसी गांव के जंगल टोला निवासी श्यामलाल गुप्ता व कन्हई के चिल्लाने की वजह से तेंदुआ की चपेट में आने से कई लोग बाल-बाल बच गये थे।
——-
महराजगंज जिले का गेडहरुवा जंगल नजदीक होने के कारण अक्सर जंगली जानवर भटककर खड्डा क्षेत्र के गांवों में चले आते हैं। लोगों को सतर्क रहने और अकेले सरेह में न जाने को कहा गया है। वन विभाग की टीम नजर रखे हुए है।

टीएन त्रिपाठी, वन क्षेत्राधिकारी-खड्डा

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *