शर्मनाक : कुशीनगर में दिनदहाड़े किशोरी का अपहरण कर रेप की कोशिश

[object Promise]
पडरौना कुशीनगर : शुक्रवार को पडरौना रोडवेज परिसर से एक किशोरी को उसके मासूम भाई के साथ बाइक सवार युवक ने दिनदहाड़े अपहृत कर लिया। उसे पडरौना-रामकोला मार्ग पर मिश्रौली मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के पुल के पास ले जाकर मासूम बालक को वहीं छोड़ दिया और किशोरी को कुछ दूरी पर ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान रोते-बिलखते मासूम को देखकर राहगीरों ने हरकत दिखाई तो आरोपी युवक किशोरी को छोड़ भाग निकला। इस मामले में किशोरी की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी अपने सात साल के भाई के साथ पडरौना शहर के रोडवेज परिसर में पहुंच बस का इंतजार कर रही थी। शाम करीब पांच बजे बाइक सवार एक युवक रोडवेज परिसर में पहुंचा और किशोरी व उसके भाई को यह कहकर बाइक पर बैठा लिया कि कुछ दूर आगे दोनों का कोई इंतजार कर रहा है । आरोप है कि बाइक सवार युवक दोनों को मिश्रौली मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के पुल पर लेकर पहुंचा, जहां मासूम बालक को छोड़ किशोरी को कुछ दूरी पर ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने लगे।
इसी दौरान राहगीरों की नजर रोते-विलखते बालक पर पड़ी तो राहगीरों ने कारण जानने का प्रयास किया। उसके बताने के अनुसार राहगीर मौके की तरफ गए तो आरोपी युवक किशोरी को छोड़ फरार हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों को पडरौना पहुंचाया गया। कोतवाली पहुंच पीड़िता ने तहरीर देकर मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस घटना की छानबीन में जुटी हुई है। सीओ सदर नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं आया है, अगर ऐसा है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *