दिल्ली में संदिग्ध हालात में युवा निशानेबाज की मौत

[object Promise]

नई दिल्ली। दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में स्थित एक होटल में ठहरे युवा निशानेबाज की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक का नाम प्रियांशु (15) है। प्रियांशु को होटल के बाथरूम से निकाल कर अस्पताल में गंभीर हालत में ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रियांशु 5-6 अन्य युवा निशानेबाजों के साथ नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेने देहरादून से दिल्ली आया था। इस सिलसिले में पुलिस ने लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “मामला प्रियांशु के टीम कोच मैनेजर अमर सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है। प्रियांशु के पिता झारखंड में शिक्षक हैं। प्रियांशु मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। प्रियांशु की मौत के बाद सोमवार को पुलिस ने केस दर्ज किया है।”

कोच अमर सिंह ने दिल्ली पुलिस को बताया, “मैं नौ अक्टूबर को देहरादून (उत्तराखंड) से टीम लेकर दिल्ली पहुंचा था। 17 अक्टूबर को प्रियांशु को तुगलकाबाद स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में चल रही प्रतियोगिता में हिस्सा लेना था। दिल्ली में टीम को एक होटल में ठहराया गया था।”

प्राथमिक जांच में पता चला है कि प्रियांशु होटल के चौथे माले पर स्थित कमरे में रुका था। नहाने के लिए वो दूसरे तल पर स्थित एक कमरे के बाथरूम में गया, वहीं उसे गीजर से करंट लग गया। उसकी चीख सुनकर होटल कर्मचारी और प्रियांशु के साथी किसी तरह बाथरूम में पहुंचे और उसे गंभीर हालत में सरिता विहार स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने प्रियांशु को मृत घोषित कर दिया।

दिल्ली पुलिस को प्रियांशु के कोच और टीम मैनेजर अमर सिंह ने बताया, “प्रियांशु 2018 में त्रिवेंद्रम (केरल) में आयोजित एयर राइफल वर्ग की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी हिस्सा ले चुका था।”

हादसे की सूचना मिलते ही सोमवार को प्रियांशु का भाई भी दिल्ली पहुंच गया। उसने पुलिस से होटल के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की।

भाई के मुताबिक, “प्रियांशु की मौत होटल प्रशासन की लापरवाही के चलते हुई है।”

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *