राष्ट्रीय महिला निशानेबाज कोनिका लायक की मौत की खबर ने सभी को हिला कर रख दिया है. खबर है कि उन्होंने आत्महत्या की. मिली जानकारी के अनुसार, कोनिका ने हॉस्टल में फांसी लगाई. महिला निशानेबाज झारखंड के धनबाद शहर की रहने वाली थीं. झारखंड की मूल निवासी कोनिका कोलकाता में पूर्व ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता जॉयदीप कर्माकर के साथ प्रशिक्षण ले रही थी. वह हावड़ा में बल्ली पड़ोस में अपने छात्रावास के कमरे में लटकी हुई पाई गई थी.
रिपोर्ट के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और उसके माता-पिता को इसकी खबर दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. अभी तक मौत को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है.
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हॉस्टल के कमरे के अंदर जहां शूटर का शव लटका हुआ था एक सुसाइड नोट मिला. सुसाइड नोट में कोनिका ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है. हालांकि कोनिका के आत्महत्या के पीछे का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. अभी तक पुष्टि नहीं हुई है कि या नोट कोनिका ने ही लिखा है या किसी अन्य व्यक्ति ने.
बता दें कि अभी कुछ महीनों पहले ही बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने कोनिका को नई राइफल दी थी. दरअसल कोनिका पहले पुरानी राइफल का इस्तेमाल करती थीं. इसके बाद राइफल की समस्या से परेशान होकर उन्होंने एक राइफल की जरुरत बताते हुए ट्विटर पर मदद मांगी. उनकी मदद सोनू सूद ने की. कोनिका ने ट्वीटर पर सोनू सूद को धन्यवाद भी कहा था.
Leave a Reply