लाहौर। विकेटकीपर और दाएं हाथ के मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज अहमद को पाकिस्तान की टेस्ट और टी20 टीम के कप्तान पद से हटा दिया गया है। अजहर अली को टेस्ट तथा बाबर आजम को अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप तक सबसे संक्षिप्त फॉर्मेट की टीम की कमान सौंपी गई है।
इंग्लैंड में आयोजित आईसीसी विश्व कप में पाकिस्तानी टीम के खराब प्रदर्शन के बाद से सरफराज पर तलवार लटक रही थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली आगामी सीरीज के लिए उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है। पाकिस्तानी टीम तीन टी20 और दो टेस्ट मैच खेलेगी।
यह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में पाकिस्तान का पदार्पण होगा। सरफराज की कप्तानी में पाकिस्तान ने साल 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी और टी20 रैंकिंग में टॉप पर पहुंचा था। हाल ही में इस टीम ने श्रीलंका के खिलाफ घर में 10 साल बाद सीरीज खेली और बुरी तरह हार गई।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष एहसान मनी ने कहा कि सरफराज को कप्तानी से हटाना एक कठिन फैसला है। हाल के दिनों मे उनका फॉर्म भी खराब हुआ था, जो सबके दिखने लगा था। ऐसे में टीम के हित में यह फैसला लेना पड़ा। 32 साल के सरफराज 49 टेस्ट, 116 वनडे और 58 टी20 मैच खेल चुके हैं। सरफराज के टेस्ट में 2657 रन व 146 कैच, वनडे में 2302 रन व 116 कैच और टी20 में 812 रन व 35 कैच हैं।
Leave a Reply