पाक : हिंदू छात्रा की हत्या से पहले किया गया था दुष्कर्म

पाक : हिंदू छात्रा की हत्या से पहले किया गया था दुष्कर्म

कराची । पाकिस्तान में हिंदू समुदाय की मेडिकल छात्रा नम्रता चंदानी की हत्या की गई थी। फाइनल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कहा गया कि हत्या के पहले नम्रता के साथ दुष्कर्म भी हुआ था। नम्रता का शव 16 सितंबर की सुबह उनके हॉस्टल के कमरे से बरामद किया गया था। गले में एक रस्सी बंधी थी। नम्रता के भाई विशाल खुद कराची के मशहूर सर्जन हैं। उन्होंने शव देखने के बाद कहा था- यह खुदकुशी नहीं बल्कि हत्या है। बीबी आसिफा मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने इसे खुदकुशी बताया था।

मेडिकल कॉलेज ने जारी की ऑटोप्सी रिपोर्ट
नम्रता की फाइनल ऑटोप्सी रिपोर्ट बुधवार को चांदका मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (सीएमसीएच) ने जारी की। सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस रिपोर्ट में कहा गया है कि नम्रता की हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। बाद में उसका गला घोट दिया गया। रिपोर्ट पर सीएमसीएच की मेडिको लीगल ऑफिसर के दस्तखत हैं।

इससे पहले 30 अक्टूबर को नम्रता की डीएनए रिपोर्ट सामने आई थी। पुलिस ने कहा था कि नम्रता के शरीर और कपड़ों पर पुरुष डीएनए के अंश मिले हैं, जिसे कोर्ट में पेश किया गया था। अब ऑटोप्सी रिपोर्ट भी कोर्ट के सामने पेश की जाएगी।

नम्रता के भाई ने कहा था कि उसकी हत्या की गई
दरअसल, नम्रता की हत्या के बाद कॉलेज प्रशासन इसे खुदकुशी बता रहा था। दूसरी तरफ, नम्रता के सर्जन भाई विशाल ने इसे सौ फीसदी हत्या बताया था। नम्रता का शव उनके कमरे में पलंग पर मिला था। मुंह नीचे लटका था। गले में रस्सी बंधी थी। इससे फंदा बनाकर लटकना नामुमकिन था,क्योंकि लंबाई कम थी। कमरा अंदर से बंद था लेकिन बिना ग्रिल वाली दो खिड़कियां खुली थीं। दो छात्रों को हिरासत में लिया गया था। इन्हें दो दिन हिरासत में रखा गया लेकिन फिर छोड़ दिया गया था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *