कुशीनगर में फेसबुक कमेंट को लेकर उलझे युवक,एक ने मारा चाकू

[object Promise]
पडरौना,कुशीनगर : जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बांसगांव खास गांव में बुधवार को मामूली बात को लेकर बात बिगड़ गई। एक
Facebook post पर कमेंट को लेकर दो युवक आपस में उलझ गए। बात इस कदर बिगड़ गई कि एक युवक ने दूसरे को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने हमलावर को दबोच लिया है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हो गया है।
बांसगांव खास में बुधवार को एक युवक के
Facebook post पर दूसरे युवक ने कमेंट किया। इसी कमेंट को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप-प्रत्यारोप के क्रम में गांव के ही ये दोनों युवक धर्मेन्द्र पटेल व राजा हुसैन आपस में भिड़ गए। आरोप है कि हाथापाई के दौरान धर्मेन्द्र ने राजा हुसैन के पेट व सीने पर चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने के बाद राजा जमीन पर गिर गया। इस दौरान आरोपी भागकर एक घर में घुस गया।
‘‘आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू बरामद कर लिया गया है। केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।’’
नीरज शाही, एसओ विशुनपुरा 
इसी बीच सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों की मदद से पुलिस ने आरोपी को घर से पकड़ लिया और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया। इस खबर के फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। एसपी के निर्देश पर सीओ तमकुहीराज राणा महेन्द्र प्रताप सिंह, पटहेरवा, सेवरही व तुर्कपट्टी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों को शांत कराकर पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दुदही भिजवाया, जहां से जिला अस्पताल और जिला अस्पताल से उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। घायल युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र पटेल के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। गांव में पुलिस की चौकसी बनी हुई है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *