हरियाणा चुनाव :सांपला से दाखिल किया हुड्डा ने नामांकन

[object Promise]

चंडीगढ़। हरियाणा के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रोहतक में गढ़ी सांपला-किलोई निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। हुड्डा ने पहले अपने आवास पर एक हवन किया। इसके बाद वह अपने बेटे और तीन बार के पूर्व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान उनके हजारों समर्थक भी मौजूद रहे।

हुड्डा ने मीडिया से कहा कि राज्य में मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने लोगों को धोखा दिया है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में 154 चुनावी वादे किए थे, मगर इनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ।

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार किसानों, कर्मचारियों, दलितों और व्यापारियों की बेहतरी के लिए काम करेगी। राज्य में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है। कर्मचारी विरोध में सड़कों पर उतर रहे हैं और पुलिस उनपर लाठीचार्ज कर रही है।”

हुड्डा ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो पंजाब के पैटर्न पर कर्मचारियों को वेतन दिया जाएगा।

चुनाव की घोषणा के कुछ ही दिन पहले कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में नियुक्त करके राज्य में पार्टी के मामलों की बागडोर सौंपी है।

हुड्डा को उनके गढ़ में चुनौती देने के लिए भाजपा ने इंडियन नेशनल लोकदल के नेता सतीश नांदल को मैदान में उतारा है। नांदल 29 जून को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) का दामन छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे।

पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में रोहतक जिले के गढ़ी सांपला-किलोई खंड में भाजपा का वोट फीसद काफी बढ़ गया।

हरियाणा की 90 सीटों पर 21 अक्टूबर को होने वाले चुनाव का परिणाम 24 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *