बीजेपी नेता के खिलाफ मामला दर्ज़, कहा- मैं किसी को ‘पद्मावती’ नहीं देखने दूंगा

बीजेपी नेता के खिलाफ मामला दर्ज़, कहा- मैं किसी को ‘पद्मावती’ नहीं देखने दूंगा

 

 

गुड़गांव पुलिस ने
फिल्म ‘पद्मावती’ के निर्देशक संजय लीला भंसाली और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का सिर कलम करने वालों को कथित तौर पर
10 करोड़ रुपए इनाम देने की घोषणा करने वाले हरियाणा बीजेपी नेता सूरजपाल सिंह अमू के खिलाफ मामला दर्ज़ किया है.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भंसाली के एक प्रशंसक की ओर से बीजेपी हरियाणा इकाई के मुख्य मीडिया संयोजक अमू के खिलाफ शिकायत पर यहां सेक्टर 29 थाने में आईपीसी के तहत एक मामला दर्ज़ किया गया. हालांकि अमू अपने बयान पर कायम हैं और उन्होंने हरियाणा पुलिस को गिरफ्तार करने की चुनौती दी.

वहीं कारण बताओ नोटिस मिलने के बावजूद सूरजपाल अमू ने मंगलवार को कहा कि वो किसी को फिल्म ‘पद्मावती’ नहीं देखने देंगे. उन्होंने दावा किया कि रानी पद्मावती के किरदार को फिल्म में गलत तरीके से दिखाया गया है.

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘मैं फिल्म नहीं देखना चाहता और मैं किसी को भी इसे देखने नहीं दूंगा. अगर आप इसे गुंडागर्दी कहते हैं तो मुझे इससे फर्क नहीं पड़ता.’ उन्होंने कहा, ‘फिल्म का ट्रेलर टेलीविजन और सिनेमा हॉल में दिखाया जा रहा है. ट्रेलर में जिस तरह का दृश्य मैंने देखा है, मुझे आपसे कहते हुए शर्म आती है.’उन्होंने कहा, ‘अगर फिल्म दिखायी गयी, आप जानते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वच्छ भारत अभियान चल रहा है. समूचा क्षत्रिय समाज देश के सभी सिनेमा हॉलों को बर्बाद कर देगा.’

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *