नई दिल्ली: नरेला इलाके में देर रात जूता बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लग गई। हादसे में एक मजदूर और उसके दोस्त की मौत हो गई। दमकल की 8 गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान कुलदीप (25) और विनय (30) के रूप में हुई।
भोरगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया के प्लॉट नंबर ई-909 में जूते चप्पल बनाने की दो मंजिला फैक्ट्री है। हादसे के वक्त ग्राउंड फ्लोर पर 15 मजदूर काम कर रहे थे, जबकि कुछ मजदूर पहली मंजिल पर सो रहे थे। पहली मंजिल से धुआं उठता देख ग्राउंड फ्लोर पर काम करने वाले मजदूर सुरक्षित बाहर निकल गए। उन्होंने फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी।
दमकल विभाग के मुताबिक, देर रात करीब 2:32 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। दमकल की 8 गाड़ियों ने तड़के 4:15 बजे आग पर काबू पाया। ग्राउंड फ्लोर पर काम करने वाले दूसरे मजदूरों के कहने पर जब दमकलकर्मियों ने पहली मंजिल की तलाशी ली तो वहां दो युवक बेहोश मिले। दमकलकर्मियों ने पुलिस की मदद से उन्हें पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों की मौत दम घुटने से हुई है।
विनय और कुलदीप उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर के रहने वाले थे। विनय फैक्ट्री में चौकीदार थे, जबकि कुलदीप किसी और फैक्ट्री में काम करते थे। कुलदीप करीब दो महीने से रात में विनय के साथ फैक्ट्री में सोते थे। आग लगने का कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री की पहली मंजिल पर चप्पल-जूते बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल के ड्रम रखे हुए थे, इसलिए आग तेजी से फैल गई। ग्राउंड फ्लोर पर काम कर रहे मजदूरों को समय रहते आग लगने की जानकारी मिल जाती तो शायद दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस फैक्ट्री मालिक और दूसरे मजदूरों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। परिजनों के आने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम होगा।
Leave a Reply