नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने एक बार फिर अर्थव्यवस्था को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। मनमोहन ने आज सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़े जारी होने के बाद कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था गहरी चिंताजनक स्थिति में है। जीडीपी के आंकड़े 4.5 फीसदी तक कम हैं। यह साफ तौर पर अस्वीकार्य है। हमारे देश की आकांक्षा 8-9 फीसदी की दर से बढऩा है। पहली तिमाही से दूसरी में जीडीपी का इतना गिरना चिंताजनक है।
आर्थिक नीतियों में छोटे-मोटे बदलावों से अर्थव्यवस्था में फिर से जान फूंकने में मदद नहीं मिलेगी। हमें मौजूदा माहौल को बदलकर अर्थव्यवस्था के लिए 8 फीसदी सालाना की दर से विकसित करने की जरूरत है। अर्थव्यवस्था की स्थिति समाज की स्थिति का प्रतिबिंब है। विश्वास और विश्वास का हमारा सामाजिक ताना-बाना अब ध्वस्त हो गया है।
इस बीच कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भारत की जीडीपी गिरकर 4.5 फीसदी हो गई है। यह पिछले छह वर्षों में किसी भी तिमाही में सबसे कम जीडीपी दर है। भाजपा जश्न क्यों मना रही है? क्योंकि जीडीपी के बारे में उनकी समझ ‘गोडसे डिवाइसिव पॉलिटिक्स’ है जो उन्हें दोहरे अंक में विकास दर का अहसास कराता है।
Leave a Reply