पाकिस्तानी टिड्डियां कर सकती है यूपी पर हमला, कृषि विभाग अलर्ट

[object Promise]

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 10 जिलों को पाकिस्तानी टिड्डियों से बचाने के लिए कृषि विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। इन 10 जिलों के बड़े कृषि अफसरों को टिड्डियों को नष्ट करने की रणनीति तैयार को कहा गया है। साथ फायर ब्रिगेड, कीटनाशक व ड्रोन की व्यवस्था की जा रही है। यूपी के पड़ोसी राज्य जहां पर इस वक्त टिड्डियों का हमला है उनसे उनके अनुभवों का भी लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। इन राज्यों में इस पाकिस्तानी हमले का मुकाबला करने के लिए तेज रोशनी व बड़े स्पीकर वाले डीजे से गाने बजाए जा रहे हैं। लॉकडाउन के कारण बचाव उपायों में अधिक तत्परता बरतने की हिदायत दी गई है।

डीजे से बजाए जा रहे मशहूर गाने : राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में पाकिस्तानी टिड्डियों का हमला हो चुका है। कीटनाशक छिड़काव के साथ इन राज्यों कई अन्य उपायों किए जा रहे हैं। इन राज्यों में टिड्डियों के हमले से फसलों को बचाने और उनको भगाने के लिए खेतों पर धुआं किया जा रहा है। इसके अलावा तेज रोशनी की जा रही है। टिड्डियां तेज आवाज से घबराकर भाग जाएं इसके लिए बड़े स्पीकर वाले डीजे से मशहूर गाने बजाए जा रहे हैं। मर जाने के बाद इन टिड्डियों को गड्ढे में दबा दिया जाता है।

रणनीति तैयार कर लें : राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में पाकिस्तानी टिड्डियों के हमले के बाद से उत्तर प्रदेश सतर्क हो गया है। राजस्थान के लगे मथुरा, आगरा समेत आस—पास के जिलों के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा राज्य से लगे सीमावर्ती जिले शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ और बागपत को एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि टिड्डियों को नियंत्रित या नष्ट करने के बारे में क्षेत्रीय केन्द्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबन्धन केन्द्र की ओर से जारी सलाह का पालन करते हुए तत्काल कदम उठाए जाएं। कृषि विभाग ने सीमावर्ती जिलों के जिला कृषि अधिकारियों व उप कृषि निदेशकों को सतर्क करते हुए निर्देश दिया है कि वे जिला प्रशासन विशेषकर फायर ब्रिगेड से समन्यव स्थापित कर टिड्डियों को नष्ट करने की रणनीति तैयार कर लें।

दस जिलों में विशेष चौकसी :  इस पाकिस्तानी हमले को देखते हुए उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में कृषि विभाग एडवाइजरी जारी कर दी है। कृषि विभाग निदेशक सौराज सिंह ने बताया कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के जिलों सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बागपत, हापुड, मथुरा, आगरा, गाजियाबाद व अलीगढ़ में विशेष चौकसी बरतने को कहा गया है। केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधनक केंद्र की ओर से जारी सलाह व निर्देशों का पालन करते हुए जरूरी कदम भी उठाए जा रहे हैं। पड़ोसी राज्यों से भी इस बारे में मदद ली जा रही है। जिला कृषि अधिकारियों व उप निदेशकों को टिड्डियों को नष्ट करने के लिए जरूरी बंदोबस्त करने को कहा गया है। लॉकडाउन के कारण बचाव उपायों में अधिक तत्परता बरतने की हिदायत भी दी गयी है।

तेज गति से बढ़ रहीं हैं टिड्डियां :  लखनऊ स्थित क्षेत्रीय नाशीजीव प्रबन्धन केन्द्र के प्रभारी डा. प्रदीप कुमार कहते हैं कि पहले भी पाकिस्तान की ओर से आने वाले टिड्डियों के हमले होते रहे हैं लेकिन इस बार इनके आगे बढ़ने की प्रवृति कहीं अधिक तेज है। सम्भव है कि लॉकडाउन के कारण प्रदूषण की कमी या किसानों द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाने की वजह से ऐसा हुआ हो।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *