कन्नौज। कन्नौज में सदर तहसीलदार अरविंद कुमार पर हमले के आरोपी कन्नौज के भाजपा सांसद सुब्रत पाठक और उनके समर्थक लॉकडाउन के उल्लंघन में भी फंस गए। पुलिस ने जिन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, उनमें धारा 144 के उल्लंघन पर धारा 188 के अलावा धारा 269 और 270 भी शामिल हैं।
लॉकडाउन के बाद भी 25 से ज्यादा भाजपाई सदर तहसील तक पहुंच गए थे। बीच में लगी चेक पोस्ट पर भी उन्हें रोकने का साहस पुलिस नहीं कर सकी थी। सदर तहसीलदार के साथ मंगलवार दोपहर करीब सवा दो बजे उनके ही आवास पर मारपीट हुई थी। इससे आक्रोशित जिले की तीनों तहसीलों के कर्मचारियों ने काम ठप कर दिया था।
सामुदायिक रसोई से लेकर खाद्यान्न वितरण और क्वारंटीन वार्ड में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था बेपटरी होते देख अफसरों के हाथ-पांव फूल गए। आखिर में सांसद सुब्रत पाठक के अलावा भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सचिन शर्मा, सौरभ कटियार और शिवेंद्र के अलावा 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
संक्रमण फैलने की आशंका पर धारा 269 और ऐसा कोई कार्य जिससे कोई संक्रमण फैल जाए, लोगों के जीवन में भय पैदा हो जाए पर धारा 270 लगाई गई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही स्थिति सामान्य हुई।
अब एकजुट कर्मचारी भाजपा सांसद समेत सभी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। उधर, सांसद पक्ष से भी तहरीर भेजी गई, लेकिन उच्चाधिकारियों से मुकदमा दर्ज करने की स्वीकृति न मिलने से कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक ने सांसद कार्यालय प्रभारी अवनीश बेरिया को तहरीर वापस कर दी।
Leave a Reply