उत्तर प्रदेश : हिरासत में पत्नी की हत्या का आरोपी टीवी एंकर

[object Promise]

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक टेलीविजन एंकर को अपनी पत्नी की हत्या के चलते गिरफ्तार कर लिया गया है। टीवी एंकर अजितेश मिश्रा की पत्नी दिव्या इटावा के कटरा बाल सिंह इलाके में स्थित अपने घर में सोमवार को मृत पाई गई थी।

पुलिस ने दिव्या की हत्या के आरोप में अजितेश के अलावा दो और लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से एक कथित तौर पर अजितेश की प्रेमिका भावना आर्या है जो दिल्ली की है और अजितेश का एक दोस्त अखिल कुमार सिंह भी है जो मूल रूप से फरीदाबाद का रहने वाला है। ये तीनों नई दिल्ली स्थित एक टेलीविजन चैनल में साथ काम करते थे।

इटावा के एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि पूछताछ के दौरान अजितेश ने कबूल किया कि उसकी पत्नी दिव्या को जब भावना के साथ उसके विवाहेतर संबंध के बारे में पता चला तो वह अक्सर उसके साथ लड़ती रहती थी। पति-पत्नी के बीच रिश्ते में उस वक्त और भी ज्यादा खटास आ गई, जब दिव्या ने भावना को फोन पर भला-बुरा कहा।

इसके बाद, अजितेश ने अपने सहकर्मी अखिल से मदद मांगी। एसएसपी ने कहा कि प्लान के मुताबिक, 14 अक्टूबर को अखिल, अजितेश के घर पर पहुंच गया। चूंकि दिव्या, अखिल को जानती थी तो उसने उसे अंदर आने दिया। इसके बाद अखिल ने फूलदान से लगातार दिव्या पर तब तक वार करता रहा जब तक कि वह बेहोश न हो गई।

दिव्या खून से लथपथ वहीं पड़ी रही और अखिल घटनास्थल से फरार हो गया। दिव्या के ससुर प्रमोद मिश्रा द्वारा दायर की गई शिकायत पर, अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ उसी दिन मामला दर्ज किया गया था और बाद में फोरेंसिक विशेषज्ञों व डॉग स्क्वॉड की मदद से एक जांच की गई जिसमें आरोपी पकड़े गए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *