मप्र से प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को किया जाएगा नागरिकता कानून के समर्थन में ट्वीट

[object Promise]

भोपाल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में माहौल बनाने के लिए जन जागरण अभियान चलाने जा रही है। इसी क्रम में इस कानून के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के प्रति आभार जताने के लिए उन्हें एक साथ ट्वीट किया जाएगा। यह अभियान एक जनवरी से शुरू होगा। पार्टी के जिलाध्यक्ष और जन प्रतिनिधि अपने अपने क्षेत्र में 25 संगोष्ठियां करेंगे। वहीं इस कानून को पारित कराने पर प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री शाह के प्रति आभार जताने के लिए ट्वीट किया जाएगा।

नागरिकता संशोधन कानून पर जन जागरण अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भोपाल में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस बैठक में वक्ताओं ने कहा कि एसीसीके बारे में विपक्षी दल देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। वोटों की राजनीति के लिए जानबूझकर भ्रम फैला रहे हैं।

उन्होंने कहा, “हमें इस कानून की सच्चाई जनता के सामने लाकर इस भ्रम को दूर करना है। यह एक वैचारिक युद्ध है और हमें पूरी तैयारी के साथ मैदान में आकर इस लड़ाई को जीतना ही है।”

बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ़ विनय सहस्रबुद्धे ने उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से कहा, “इस विचार युद्ध में उतरने से पहले यह विचार करें कि नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के पीछे की राजनीति क्या है? हमारी सरकार की राष्ट्रनीति क्या है और इस युद्ध में जीत हासिल करने के लिए हमारी रणनीति क्या हो?”

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद राकेश सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने विभाजन के समय कहा था कि जो हिंदू और अन्य अल्पसंख्यक पाकिस्तान में रह गए हैं, वे यदि भारत आना चाहें, तो आ सकते हैं। इसके बाद कई नेता पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों की स्थिति बताते हुए इस कानून की जरूरत जताते रहे हैं। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे कर दिखाया तो कांग्रेस को इसे स्वीकारने का साहस नहीं रहा।

बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने जनजागरण अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में और समाज में इस कानून को लेकर कोई भ्रम नहीं है, इससे सिर्फ ‘अर्बन नक्सली’ चिंतित हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने प्रस्तावित अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि सभी जिला अध्यक्ष और जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम 25 गोष्ठियां करें। सभी जिला केंद्रों पर प्रबुद्धजन गोष्ठी करें, समाज के प्रमुख लोगों से कानून के समर्थन में हस्ताक्षर लें। 30 दिसंबर को एक साथ ट्विटर पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करना है।

भगत ने कहा कि सभी सांसद अभियान के दौरान विस्थापित परिवारों के साथ कार्यक्रम करें। अभियान के दौरान सभी जिला केंद्रों पर कानून के समर्थन में बड़ा मार्च निकाला जाए, जिसमें लोग अपने हाथों में तिरंगा लेकर शामिल होंगे। अभियान के सभी कार्यक्रम 14 जनवरी तक पूरे कर लिए जाएंगे।

बैठक को पार्टी उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रभात झा, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते आदि ने संबोधित किया।

[object Promise]

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *