मंनत पूरी करने गई दो बहने गंगा में डूबने से हुई मौत

मंनत पूरी करने गई दो बहने गंगा में डूबने से हुई मौत
रिपोर्टर राकेश कुमार केशरवानी

प्रयागराज : शादी से पहले मन्नत पूरी करने गईं दो सगी बहनें बुधवार को गंगा नदी में डूब गईं थीं। बड़ी बहन रूपा (21) की मौत हो गई, जबकि छोटी बहन शिवानी (18) लापता थी। उसकी तलाश की जा रही थी लेकिन पता नहीं चला। आज सुबह पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी खोज फिर शुरू की। मशक्‍कत के बाद उसका शव भी गंगा नदी से फाफामऊ की ओर से बरामद हो गया है। परिवार में गमगीन माहौल है। प्रतापगढ़ के जेठवारा निवासी संजय सिंह की एक साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। उनकी पत्नी सुनीता, बेटे रवि व दोनों बेटियों रूपा और शिवानी के साथ शिवकुटी थाना क्षेत्र स्थित रसूलाबाद में किराए के कमरे में रहती हैं। कहा जा रहा है कि आगामी 28 जून को फतेहपुर निवासी राजू से रूपा की शादी होनी थी।

रूपा ने सगाई के बाद मन्नत मांगी थी। बुधवार को वह गंगा स्नान व पूजा के लिए सुबह पांच बजे अपनी बहन, मौसी अनीता व मौसेरे भाई अनिल, सुनील के साथ रसूलाबाद घाट पर गई थी। यहां मौसी व अन्य को छोड़कर दोनों बहनें नाव से उस पार फाफामऊ की तरफ चली गईं। वहां रूपा स्नान के बाद पूजा कर रही थी, तभी उसका पैर फिसल गया और गहरे पानी में चली गई। उसे डूबता देख शिवानी ने पकडऩा चाहा तो वह भी डूबने लगी। चीख-पुकार सुन आसपास मौजूद नाविक गंगा में कूद पड़े लेकिन किसी को बचा नहीं सके। खबर पाकर शिवकुटी पुलिस गोताखोर व जल पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। करीब 10 बजे रूपा का शव बरामद हो गया, लेकिन शिवानी का पता नहीं चला। रूपा की लाश देख भाई, मां व अन्य परिजन बिलख पड़े। गुरुवार को सुबह एक बार फिर शिवकुटी पुलिस के साथ गोताखोर व जल पुलिस रसूलाबाद घाट पर पहुंची।

गोताखोरों के साथ ही जाल डाला गया। घंटों की मशक्‍कत के बाद गोताखोरों को आखिर सफलता मिल ही गई। फाफामऊ की ओर से गंगा नदी से रूपा का शव बरामद कर लिया गया। दोनों बहनों की मौत से परिवार का रो-रोकर हाल बेहाल है। सांत्वना देने वालों की आंखें भी नम हो जा रही हैं।इंस्पेक्टर शिवकुटी ऋषिपाल का कहना है कि मौसी अनीता दिव्यांग है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि बालू कटान के कारण हादसा हुआ है। प्रभारी जल पुलिस कड़ेदीन यादव ने बताया कि गुरुवार सुबह जाल डालकर रूपा के शव को बरामद कर लिया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *