और जब कुशीनगर में सीएम योगी के जिला अस्पताल पहुंचने से मच गई खलबली

और जब कुशीनगर में सीएम योगी के जिला अस्पताल पहुंचने से मच गई खलबली
उपेंद्र कुशवाहा
पडरौना,कुशीनगर । सीएम योगी आदित्यनाथ प्रदेश में अब विकास कार्य के साथ ही कानून-व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। जिलों में समीक्षा बैठक करने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ वहां चल रहे विकास के काम की प्रगति का भी आंकलन कर रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के बाद कुशीनगर पहुंचे। कुशीनगर में वह सर्किट हाउस जाने के स्थान पर हेलिकॉप्टर से उतरते ही हैलिपैड से सीधा जिला अस्पताल पहुंच गए। वहां पर उन्होंने अस्पताल की सुविधाओं का निरीक्षण करने के साथ ही मरीजों से हालचाल भी लिया। उनके साथ कृषिमंत्री सूर्य प्रताप शाही भी थे। सीएम योगी आदित्यनाथ के रविंद्र नगर हेलीपैड से सीधा जिला अस्पताल पहुंचने से खलबली मच गई।

अधिकारी इस तैयारी में थे कि वे यहां से सीधे मंडलीय समीक्षा बैठक के कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट मीटिंग हाल में पहुंचेंगे। जब अधिकारियों ने उनसे मीटिंग हाल के रास्ते की ओर ले जाने की बात की तो उन्होंने कहा कि पहले वे संयुक्त जिला अस्पताल का निरीक्षण करेंगे। अस्पताल पहुंचते ही वे सीधे इमरजेंसी वार्ड पहुंचे और मरीजों के एक-एक बेड तक जाकर उनसे मिले। उनका हाल जाना तो पूछा कि इलाज समुचित रूप से हो रहा है कि नहीं। कहीं कोई परेशानी तो नहीं हो रही है। उन्होंने जिला अस्पताल में टीम के साथ आईसीयू वार्ड और जेई वार्ड सहित अन्य कई वार्ड का निरीक्षण किया।

मरीजों से संतोष जताया तो सीएम अधिकारियों की ओर मुखातिब हुए और कहा मरीजों को बेहतर इलाज मिले इसका पूरा ध्यान रहे। कहीं कोई खामी मिली जो ठीक नहीं होगा। बीमार नेबुआ निवासी रिया का हाल जानने के द्वार उसे दुलारा भी और शीघ्र ठीक होने की बात कही। चिकित्सालय कर साफ सफाई व्यवसथा को भी देखा। इसके बाद वे समीक्षा बैठक के लिए मीटिंग हाल रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही भी मौजूद रहे। इस दौरान जिलाधिकारी डा.अनिल कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक राजीव नारायण मिश्र, सीएमओ डा. हरिचरण सिंह, सीएमएस डा. बजरंगी पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

विधायकों व प्रभारी मंत्री ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री के आगमन पर प्रभारी मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह ऊर्फ मोती सिंह की अगुआई में विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी,जटाशंकर त्रिपाठी,पवन केडिया,रामानंद बौद्ध ने पुष्प देकर उनका स्वागत किया।

इससे पहले उन्होंने गोरखपुर में काफी देर तक फरियादियों से भेंट की। लोगों की फरियाद सुनने के दौरान उन्होंने वहां पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि किसी भी मामले में जरा सी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा जनता की समस्याओं का निस्तारण करने में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *