सुबह बांदा से कानपुर जा रही बस का कोहरा बना दुश्मन, डीसीएम से भिड़ंत, 15 यात्री घायल

सुबह बांदा से कानपुर जा रही बस का कोहरा बना दुश्मन,  डीसीएम से भिड़ंत, 15 यात्री घायल

फतेहपुर। ठंड के साथ शुरू हुआ कोहरा वाहन सवारों के लिए जानलेवा होने लगा है। ललौली थाने के बहुआ-बिंदकी मार्ग में चंदौरा मोड़ के समीप प्राइवेट बस व डीसीएम की सीधी भिड़ंत से बस चालक समेत 15 यात्री जख्मी हो गए। हादसे से यात्रियों में दहशत का माहौल रहा और वह पल पल की सूचना मोबाइल से स्वजनों को देते रहे। उधर बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने पर यात्री रोडवेज बस पकड़कर बिंदकी व कानपुर के लिए रवाना हुए। हादसा कोहरे के चलते होना बताया जा रहा है।

बस के उड़ गए परखचे, क्रेन से हटवाए गए वाहन

बांदा जिले के कमासिन से सुबह प्राइवेट बस 35 यात्रियों को लेकर बिंदकी होते हुए कानपुर जा रही थी। सुबह सवा आठ बजे ललौली थाने चंदौरा गांव के समीप बांदा-कानपुर हाईवे में बस की बिंदकी से तेज रफ्तार में आ रहे डीसीएम से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे मेें बस चालक शिवप्रसाद निवासी कमासिन बांदा, यात्री संजय विश्वकर्मा निवासी तिकवापुर थाना सजेती कानपुर व व्यापारी मोनू निवासी बबेरू जिला बांदा समेत 15 यात्री घायल हो गए। वहीं घटना के बाद चालक डीसीएम छोड़कर भाग निकला।

हादसा इतना भयावह था कि बस के परखचे उड़ गए। सूचना पाकर पीआरवी टीम के साथ पहुंचे एसओ केशव वर्मा, चौकी इंचार्ज किशन सिंह ने घायलों को पीएचसी भेजा लेकिन वहां पर एंबुलेंस चालक न होने पर काफी देर इंतजार किया गया। उसके बाद पुलिस गंभीर रूप से घायल बस चालक समेत तीन यात्रियों को सदर अस्पताल लेकर गई। एसओ केशव वर्मा ने बताया कि बस व डीसीएम को हाईवे से हटवा दिया गया है। कोहरे की वजह से हादसा हुआ है।

बंधवा से पकड़ीं रोडवेज बसें

प्राइवेट बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने पर सवार 35 यात्रियों में अधिकतर ललौली थाने के बंधवा चौराहे पहुंचे और वहां से रोडवेज बस पकड़कर बिंदकी व कानपुर के लिए निकल गए। उस बीच यात्रियों में दहशत का माहौल रहा। गनीमत रही कि प्राइवेट बस कोहरे की वजह से कुछ धीमी रफ्तार में थी, जिससे ज्यादा बड़ी घटना होने से बच गई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *