भव्य शुभारंभ दो दिवसीय अखिल भारतीय दृष्टिबाधित महिला संगीत प्रतियोगिता का

[object Promise]

जयपुर। लुई ब्रेल दृष्टिहीन विकास संस्थान द्वारा कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से दो दिवसीय अखिल भारतीय दृष्टिबाधित महिला संगीत प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को नारायण सिंह सर्किल स्थित भट्टारक जी की नसियां में हुआ।

देश के कई राज्यों से आईं 60 से अधिक नेत्रहीन बालिकाओं ने अपने सुरों से सजी शानदार प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभी प्रतिभागियों के बाल वर्ग, किशोर वर्ग एवं युवा वर्ग तीन वर्ग बनाए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली बालिकाओं को गायन के दो मौके दिए गए। शनिवार की प्रस्तुति के बाद मार्क्स के आधार पर जिन बालिकाओं का चयन हुआ, उन्हीं को रविवार को होने वाले फाइनल राउंड में गाने का मौका मिलेगा।

इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि रवि जैन, जिला कलेक्टर, झुंझुनूं थे और कार्यक्रम की अध्यक्षता रोली अग्रवाल, आयकर आयुक्त ने की। दोनो ही अतिथियों ने प्रतियोगिता आयोजन की तैयारियों, महिला कलाकारों के लिए की गई सुविधाओं की सराहना की तथा नेत्रहीन हुनरबाजों का मनोबल बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम निरन्तर आयोजित करने की आवश्यकता जताई।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में नासिर मदनी, राजेन्द्र जडेजा, मीना सक्सेना और नीलम शर्मा शामिल हैं। कार्यक्रम की एंकरिंग शंकर पुरोहित एवं डॉक्टर ममनून फातमा द्वारा की गई। अंत में राकेश कुमार पारीक द्वारा संस्थान की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष प्रकाश चंद जैन ने उपस्थित सभी अतिथियों को प्रतियोगिता के आयोजन के उद्देश्य के सम्बंध में सम्पूर्ण जानकारी से अवगत करवाया और संस्थान द्वारा संचालित कक्षा 8वी तक के बच्चों के लिए नेत्रहीन स्कूल एवं आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी जानकारी दी।

सांस्कृतिक संध्या
शनिवार रात को नेत्रहीन बालक-बालिकाओं के हुनर से सजी रंगबिरंगी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवीन जैन, शासन सचिव, श्रम विभाग एवं अध्यक्षता जी के बंसल, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने की।

ग्रांड फिनाले होगा कल
शनिवार की गायन प्रस्तुति से चयनित बालिकाओं को रविवार होने वाले ग्रांड फिनाले में भाग लेने का मौका मिलेगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *