आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में बुधवार सुबह प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) के छह नक्सली आंध्र प्रदेश पुलिस के ग्रेहाउंड्स कमांडो के साथ मुठभेड़ में मारे गए। पुलिस और नक्सलियों के बीच यह मुठभेड़ कोय्यूरू ब्लॉक के थेगलमेट्टा वन क्षेत्र में तब हुई, जब ग्रेहाउंड्स तलाशी अभियान चला रहे थे। बता दें कि ग्रेहाउंड्स फोर्स में मुख्य रूप से माओवादी विरोधी अभियानों के लिए प्रशिक्षित जवान होते हैं।
विशाखापत्तनम (ग्रामीण) जिला पुलिस की ओर से आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मौके से प्राप्त प्रारंभिक सूचना के अनुसार, एके -47 राइफल, एक एसएलआर (सेल्फ लोडिंग राइफल), एक कार्बाइन, तीन .303 राइफल और एक देशी हथियार के साथ छह माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं।
कोय्यूरू के पुलिस निरीक्षक वेंकटरमण ने कहा कि मारे गए और घायल माओवादियों का सटीक विवरण अभी तक ज्ञात नहीं है क्योंकि मुठभेड़ स्थल जंगलों में काफी अंदर है और सर्च अभियान अभी भी जारी है। अतिरिक्त पुलिस बल को क्षेत्र में भेजा जा रहा है। अपुष्ट रिपोर्टों में कहा गया है कि कुछ शीर्ष माओवादी नेता गोलीबारी के दौरान भागने में सफल रहे। रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिस बल माओवादी नेताओं को पकड़ने के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
Leave a Reply