श्रीनगर। भारतीय सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे शुक्रवार 17 अप्रैल को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में दौरे पर पहुंचे। इस दौरान सेना प्रमुख ने कहा कि कोरोना संकट के बीच भी पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सेना प्रमुख ने कहा कि ऐसे वक्त में जब भारत अपने देश और दूसरे देशों के लोगों की मदद कर रहा है, उस समय में पाक आतंक की साजिश में जुटा है। पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ की कोशिशें हो रही हैं।
जहां दुनियाभर के देश, जिसमें पाकिस्तान भी शामिल हैं, कोरोना से जूझ रहे हैं, ऐसे में सीमा पार से पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर रिहायशी इलाकों और अग्रिम चौकियों पर गोलाबारी की।
भारतीय सेना ने भी इसका करारा जवाब दिया। जम्मू कश्मीर में एलओसी पर पाकिस्तानी सैनिकों ने आज लगातार 13वें दिन गोलाबारी और गोलीबारी की। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान ने पुंछ और राजौरी जिलों के तीन सेक्टरों में गुरुवार को एलओसी पर रिहायशी इलाकों और अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया था।
Leave a Reply