Punjab News चंडीगढ़ । पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे डॉ. विजय सिंगला को कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया है। विजय सिंगला स्वास्थ्य विभाग में हर काम और टेंडर पर 1 फीसदी कमीशन की मांग कर रहे थे। इसकी शिकायत सीएम भगवंत मान के पास पहुंची थी। उन्होंने गुपचुप तरीके से इसकी जांच कराई। अधिकारियों से पूछताछ की गई तो मंत्री सिंगला को तलब किया गया। मंत्री ने गलती मान ली, जिसके बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया गया।
इसके बाद मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर पंजाब पुलिस की एंटी करप्शन विंग ने सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद अब सिंगला भी आम आदमी पार्टी से निकलने की तैयारी में हैं। पंजाब आप के प्रवक्ता मलविंदर कांग ने कहा कि दागी लोगों के लिए आम आदमी पार्टी में कोई जगह नहीं है। सिंगला की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, जो वर्तमान में मंत्री हैं।
सीएम मान ने बताई पूरी कहानी
सीएम भगवंत मान ने कहा, ‘मेरे संज्ञान में एक मामला आया। इसमें मेरी सरकार का एक मंत्री उस विभाग के हर टेंडर या खरीद-बिक्री में एक प्रतिशत कमीशन मांग रहा था। इस मामले के बारे में सिर्फ मैं ही जानता हूं। विपक्षी दलों और मीडिया को इसकी जानकारी नहीं है। मैं चाहता तो मामले को दबा सकता था, लेकिन इससे लोगों का भरोसा टूट जाता। मैं उस मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं। उन्हें कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस को उसके खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दे दिए गए हैं।
पूर्व सीएम ने अपने मंत्रियों और विधायकों के भ्रष्टाचार पर कोई कार्रवाई नहीं की
मान ने कहा कि विपक्षी दल कहेंगे कि दो महीने के भीतर मेरी सरकार का एक मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया। मैं कहना चाहता हूं कि मैंने भी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पुराने सीएम को भी पता था कि अवैध रेत खनन में कौन शामिल है? फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। मैं मंत्री को बर्खास्त करने के साथ ही उनके खिलाफ मामला भी दर्ज कर रहा हूं।
दागी लोगों की पार्टी में कोई जगह नहीं : आप प्रवक्ता
आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कांग ने कहा कि विजय सिंगला ने एक टेंडर में 1 फीसदी कमीशन की मांग की थी। इसकी शिकायत सीएम मान तक पहुंची थी। पार्टी से निष्कासन के मुद्दे पर कांग ने कहा कि दागी लोगों की आम आदमी पार्टी में कोई जगह नहीं है. उन्होंने कहा कि दागी लोगों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
Leave a Reply