इटावा सैफई गांव के प्रधान और मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी दर्शन सिंह यादव (90) का शनिवार की सुबह निधन हो जाने से सपाइयों में शोक की लहर दौड़ गई। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज कराया जा रहा था। वह लखनऊ के अस्पताल में भर्ती थे, जहां भोर पहर उन्होंने अंतिम सांस ली।
सैफई ग्राम निवासी दर्शन सिंह यादव बीते करीब चालीस साल से लगातार प्रधान चुने गए। वह मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी थे और परिवार के खास थे। कहा जाता है कि कभी अखाड़े में उतरने वाले मुलायम सिंह यादव के साथ दर्शन सिंह यादव भी पहलवानी में हाथ आजमाते रहे। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। हालत गंभीर होने पर स्वजन उन्हें लखनऊ के लोहिया अस्पताल ले गए थे, जहां कई दिनों से इलाज चल रहा था। शनिवार की भोर पहर उन्होंने अंतिम सांस ली, जिसकी सूचना सैफई पहुंची तो शोक की लहर दौड़ गई।
चालीस साल तक लगातार सैफई प्रधान रहने पर अखिलेश सरकार ने उन्हें यश भारती सम्मान से नवाजा था। उनके निधन पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, प्रो. रामगोपाल यादव और शिवपाल सिंह यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।
Leave a Reply