नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन बिल को राज्यसभा में पेश करने से पहले भाजपा की संसदीय दल की बैठक को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संबोधित किया। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों को बिल को देशहित में बताते हुए निर्देश दिए कि नागरिकता बिल को लेकर सांसद अपने स्तर पर जागरूकता फैलाएं। बिल लोकसभा से पास हो चुका है और राज्यसभा से भी इसके पास होने की उम्मीद है।
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बिल पर कुछ विपक्षी दल पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। भाजपा सांसदों को प्रधानमंत्री मोदी ने निर्देश दिया कि वह जनता तक यह संदेश पहुंचाए कि बिल पूरी तरह से देशहित में है। इससे पड़ोसी मुल्क के पीड़ित अल्पसंख्यकों को न्याय मिलेगा। यह एक ऐतिहासिक कानून साबित होगा।
विपक्षी दलों ने प्रस्तावित विधेयक के कई पहलुओं पर मोदी सरकार को घेरने की व्यापक योजना बनाई है। जेडीयू ने थोड़ी हिचक के बाद इस बिल पर सरकार का समर्थन करने की घोषणा कर दी। जेडीयू नेता वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा है कि उनकी पार्टी लोकसभा वाले अपने रुख पर कायम है।
यह जानें सरकार पक्ष में ये आकड़े…
लोकसभा से पास होने के बाद नागरिकता संशोधन बिल को अब राज्यसभा का रास्ता पार करना है। मोदी सरकार के पास शिवसेना के विरोध के बाद भी राज्यसभा में आज बिल को पास कराने लायक आंकड़े लग रहे हैं। सदन की कुल संख्या 245 है, लेकिन अभी पांच सीटें खाली हैं। इस लिहाज से वर्तमान संख्या 240 है। भाजपा को बिल पास कराने के लिए 121 सांसदों का समर्थन चाहिए। राज्यसभा में 83 सदस्यों वाली बीजेपी को जेडीयू (6), एलजेपी (1), एसएडी (3), आरपीआई (1) जैसे गठबंधन दलों के अलावा एआईएडीएमके (11), बीजेडी (7), वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (2) जैसे बाहरी दलों का भी समर्थन हासिल है। 11 मनोनीत सदस्यों का समर्थन भी बीजेपी के साथ होने का दावा किया जा रहा है।
Leave a Reply