रिपोर्ट राकेश कुमार केसरवानी
प्रयागराज । धूमनगंज थाना क्षेत्र के देवघाट गांव में बाइक और साइकिल की टक्कर के बाद बुधवार रात जमकर बवाल हो गया। एक पक्ष के लोगों ने घर के बाहर मौजूद लालचंद्र (45) पर हमला कर दिया। विरोध किए जाने पर पथराव और फायरिंग की। दो वर्गों के लोग आमने-सामने आ गए। स्थिति बिगड़ी तो डीएम, एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस व पीएसी तैनात कर दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। देवघाट गांव निवासी राज पुत्र रमेश शाम करीब पांच बजे काम करने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहा था। उसका आरोप है कि बाइक सवार छोटकू व निक्कू ने उसे टक्कर मार दी। विरोध किए जाने पर बाइक सवार युवक उसे (राज को) पीटने लगे।
लालचंद्र बीच बचाव करने लगा। झगड़ा बढ़ा तो छोटकू ने फोन कर अपने पिता शेर अली व नौशाद को बुला लिया। शेर अली की तरफ से आए लोग तमंचा लहराते हुए धमकी देने लगे। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो सभी भाग निकले। इसके बाद राज अपने पिता व कई साथियों के साथ रिपोर्ट लिखवाने के लिए धूमनगंज थाने पहुंचा। उधर भीटी गांव निवासी शेर अली समेत करीब 15-20 युवक देवघाट आ गए। यहां घर के बाहर बैठे लालचंद्र पर फायर किया गया। संयोग से उसे गोली नहीं लगी तो शेर अली की तरफ से आए लोग बंदूक के बट व लाठी-डंडा से उसे पीटने लगे। चीख-पुकार सुन लालचंद्र के घरवाले बाहर निकले तो उन पर पथराव करने के साथ फायरिंग भी की गई। इससे गांव में अफरा-तफरी मची गई।
ग्रामीणों के खदेडऩे पर हमलावर भाग निकले। इतना होने तक दोनों वर्गों से दर्जनों लोग आमने-सामने आ गए। जानकारी मिली तो पुलिस व प्रशासनिक हल्के में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में एसपी सिटी, सीओ, कई थाने की फोर्स के साथ पहुंच गए। डीएम व एसएसपी भी पहुंचे। पुलिस और पीएसी जवानों की तैनाती के बाद हालात नियंत्रण में आए। घायल लालचंद्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव का कहना है कि बाइक से टक्कर के बाद दो पक्षों में मारपीट हुई थी। उसी बात को लेकर दो समुदाय के लोग बाद में आमने-सामने आ गए, जिन्हें शांत करा दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।
Leave a Reply