नई दिल्ली। इन दिनों राजस्थान में कोटा के सरकारी अस्पताल में हुई कई बच्चों की मौत का मामला गरमाया हुआ है। इसे लेकर भाजपा अशोक गहलोत सरकार पर लगातार हमले कर रही है। अब भाजपा शासित गुजरात में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। दरअसल राजकोट के सरकारी अस्पताल में पिछले एक महीने में सैकड़ों बच्चों की मौत हो गई है।
जब इस मामले में राज्य सरकार की लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से सवाल पूछा गया तो वे इसका जवाब दिए बगैर ही निकल गए। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। एक पत्रकार ने रूपाणी से मासूमों की मौत पर सवाल पूछा था। कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि राजकोट में दिसंबर में कुल 134 बच्चों की मौत हो गई।
हालांकि मौत की वजह जच्चा-बच्चा के कुपोषित होने और समय पूर्व जन्म बताया जा रहा है। साथ ही सामने आया है कि अस्पताल के एनआईसीयू में ढाई किलो से कम वजन वाले बच्चों को बचाने के लिए जरुरी व्यवस्थाएं नहीं हैं।
इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी रूपाणी पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया कि गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी राजकोट से विधायक हैं। राजकोट अस्पताल में दिसंबर-जनवरी में 1235 बच्चों की जान जा चुकी है। गांधीनगर और अहमदाबाद क्षेत्र से सांसद गृह मंत्री अमित शाह हैं। सिविल अस्पताल में 375 मासूम मर चुके हैं। जब सीएम से सवाल पूछा जाता है तो वे भाग जाते हैं। क्या प्रधानमंत्री विजय रूपाणी को बर्खास्त करेंगे?
Leave a Reply