बांदा, उत्तर प्रदेश ही नहीं भारत के कई राज्यों में कृषि सुधार कानून का विरोध हाे रहा है। विपक्ष के जोरदार प्रदर्शन पर बांदा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कृषि बिल को लेकर विपक्ष किसानों में भ्रम फैला रहा है। देश के प्रधानमंत्री और सूबे के मुख्यमंत्री के लिए किसान व देश हित सर्वोपरि है। नए कृषि विधेयक से न तो मंडी व्यवस्था खत्म होगी और न ही समर्थन मूल्य पर ही कोई प्रभाव पड़ेगा। किसान अपनी उपज कहीं भी बेच सकेगा। वह शहर के रायफल क्लब मैदान में भाजपा की किसान पंचायत को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मंच में मौजूद किसानों से हाथ उठवाकर कृषि बिल पर समर्थन मांगा।
एक घंटे देरी से पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह यहां रायफल क्लब मैदान में आयोजित किसान पंचायत में अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटे विलंब से पहुंचे। मंच पर करीब पांच हजार से ज्यादा किसान उनके आने का इंतजार करते रहे। मंच पर वह पौने तीन बजे जैसे ही पहुंचे, जय श्रीराम के जयघोष हुए। मंच पर मौजूद भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, सांसद आरके सिंह पटेल, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी आदि ने मुकुट पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
सरकार की प्राथमिकताओं से कराया अवगत
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार देश के किसानों की आय दोगुना करने की मंशा से काम कर रही है। वर्ष 2024 तक हर किसान का पक्का मकान, हर घर में शुद्ध पेयजल पानी पहुंचाने को लेकर योजना बन चुकी है। पीएम मोदी किसानों के सच्चे हितैषी हैं। उनके लिए किसानों का हित सर्वोपरि है। गांधी जी ने कहा था कि केंद्र सरकार से आम आदमी के लिए 15 रुपये चलता है तो वहां तक पहुंचते-पहुंचते एक रुपये हो जाता है। मोदी के शासन में सम्मान निधि के छह हजार रुपये सीधे खाते में पहुंच रहा है। मोदी व योगी के राज्य में गुंडों व भूमाफिया की कोई जगह नहीं है। वह जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। उन्होंने कहा कि कृषि बिल को लेकर विपक्षी पार्टियां भ्रम फैला रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बिल के माध्यम से किसान हाइटेक होगा और अपनी उपज कहीं भी अपने मनमुताबिक दामों पर बेच सकेगा।
20 मिनट में रखे अपने विचार
उन्होंने मंच से किसानों से कृषि बिल पर समर्थन मांगा। कहा कि इसके लाभ आगे देखने को मिलेंगे। करीब 20 मिनट के भाषण में उन्होंने बसपा, सपा व कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। इसके पूर्व किसान पंचायत को क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, सांसद आरके सिंह पटेल, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, विधायक बृजेश प्रजापति, चंद्रपाल कुशवाहा, राजकरण कबीर, हमीरपुर के विधायक युवराज सिंह, राठ विधायक मनीषा अनुरागी, जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद ने संबोधित किया। इस मौके पर सभी विधायक व भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply