किसानों और मजदूरों के कल्याण के लिए CM मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार संकल्पित: ज्ञान चंद गुप्ता

[object Promise]

पंचकूला। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने शुक्रवार को नई अनाज मंडी, पंचकूला में अटल किसान-मजदूर कैन्टीन का शुभारंभ किया।

समारोह के दौरान उपस्थित किसानों एवं मजदूरों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों और मजदूरों के कल्याण के लिए संकल्पित है। मंडियों में किसानों को फसलों के उचित दामों के साथ ही सब्जियों के लिए भावान्तार भरपाई जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। किसानों को मंडियों में अनेक सुविधाएं प्रदान की जा रही है। इस कड़ी के अन्तर्गत हरियाणा सरकार ने मंडियों में अपनी फसलें बेचने आए किसानों एंव मजदूरों के लिए बहुत ही रियायती दरों पर गुणवत्ता का भोजन प्रदान करने का कार्य शुरू किया है।

गुप्ता ने कहा कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड एवं हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त सहयोग से स्वंय सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित इस कैन्टीन में अत्यंत गुणवत्ता वाला भोजन केवल 10 रुपए प्रति थाली की दर पर मिलेगा। इस कैन्टीन में दोपहर के समय 11 बजे से लेकर 3 बजे तक भोजन प्रदान किया जाएगा। भोजन में तवा चपाती, चावल, दाल, मौसमी सब्जियां, व पीने का शुद्ध पानी प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 300 से अधिक किसानों और मजदूरों को प्रतिदिन यहां भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस भोजन की थाली की लागत 25 रूपए से अधिक पड़ती है। इसमें 15 रुपए का खर्च सरकार द्वारा वहन किय जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने राज्य की 25 मंडियों में इस तरह की कैंटीनों की पहल की है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबी को मिटाने और हर व्यक्ति को विशेषतया महिलाओं को भी रोजगार के मामले में आत्म- निर्भर बनाने की हर संभव प्रयास कर रही है। इस कैंटीन को चलाने के पीछे भी सरकार किसानों को शुद्ध भोजन एवं स्वंय सहायता समूह के द्वारा महिलाओं को आत्म- निर्भर करना दोनों को उद्देश्यों को सार्थक करती है।

समारोह में जानकारी देते हुए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक डाॅ. जे गणेशन ने बताया कि इस रसोई घर में साफ सफाई और गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए सी.सी. टी.वी. कैमरे लगाए गए हैं। इनकी सफाई व स्वच्छता स्वंय सहायता समूहों द्वारा की जाएगी। इन कैंटीनाें में गैस बर्नर, चिमनी, फ्रीज, पीने के पानी सहित सभी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसमें पूरे पारदर्शी तरीके से बिल भी इलेक्ट्रॉनिक रूप से ही प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस कैंटीन के लिए एचडीएफसी बैंक ने भी सहयोग किया है।

गुप्ता ने कैंटीन में भोजन बनाने और संचालन की पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने किसानों और मजदूरों के साथ ही भोजन भी किया। इस अवसर पर किसान आयोग के चेयरमैन रमेश यादव, मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन अशोक शर्मा, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के इंजीनियर इन चीफ उदय भान,चीफ इंजीनियर महेन्द्र सिंह, चीफ इंजीनियर कुलदीप सिंह, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के एस के शर्मा सहित अनोकों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

[object Promise]

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *