अनंतनाग । मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़ में जैश कमांडर सज्जाद भट ढेर हो गया। सज्जाद पुलवामा हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था। इस मुठभेड़ में एक अन्य आतंकी ढेर हुआ है और सेना का एक जवान भी शहीद हुआ है। इलाके की तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया है।
पुलवामा हमले के बाद से ही सज्जाद भट सुरक्षाबलों के निशाने पर था। सज्जाद ने ही कार में आईईडी भरकर सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाने की पूरी प्लानिंग की थी। अब तक तलाशी के दौरान आतंकियों के ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है।
पुलवामा आतंकी हमले के बाद NIA ने भट के बारे में खुलासा किया था। भट ने हमले से 10 दिन पहले यह मारुति इको कार खरीदी थी। भट दक्षिणी कश्मीर के बिजेहरा का रहने वाला था। यह इलाका आतंकी संगठन जैश का गढ़ माना जाता है। भट ने देवबंदी मदरसा सिराज-उल-उलम से पढ़ाई की थी। भट की मां त्राल की रहने वाली है। आंतकवादी बुरहान वानी भी त्राल का रहने वाला था। भट के माता-पिता ने कथित तौर पर बुरहान के ढेर होने के बाद हुई हिंसा में हिस्सा लिया था। भट की पहचान जैश के आत्मघाती हमलावर के तौर पर थी। उसे 2018 में हिरासत में भी लिया गया था जबकि भट के पिता को 2017 में पकड़ा गया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर जिले के बिजबेहरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने मंगलवार सुबह घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चला दीं, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दो आतंकी मारे गए हैं।
Leave a Reply