अयोध्या। राम मंदिर (Ram temple) के पक्ष में सर्वोच्च न्यायालय से आए फैसले के बाद लोगों में बहुत उल्लास है। इस बार अयोध्या से विश्व हिन्दू परिषद के संयोजन से भव्य राम बारात का आयोजन किया जाएगा। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के तत्वावधान में अयोध्या से जनकपुर (नेपाल) तक निकाली जाने वाली राम बारात इस वर्ष और अधिक धूमधाम से निकाली जाएगी। बताया जा रहा है कि इस बार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित देश प्रमुख विशिष्ट व्यक्तियों के साथ ही नेपाल के राजपरिवार के राम बारात में शामिल होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि एक दिसंबर को आयोजित किए जा रहे राम विवाह में पीएम मोदी व सीएम योगी को विवाह के साक्षी बनने के लिए आमंत्रण भेजा है। वहीं, राम बारात के लिए कारसेवकपुरम में रथ को सजाने का काम आरंभ हो चुका है। श्रीराम विवाह आयोजन समिति के संयोजक राजेन्द्र सिंह पंकज ने बताया है कि, 21 नवंबर को धूमधाम से राम बारात निकाली जाएगी। यह बारात विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए 28 नवंबर को जनकपुर पहुंचेगी।
उन्होंने आगे कहा कि 29 नवंबर को दशरथ मंदिर के प्रांगण में तिलकोत्सव, 30 नवम्बर को कन्या पूजन के अलावा मटकोर का आयोजन किया जाएगा। पंकज ने कहा कि, श्विवाहोत्सव से पहले रामलीला में धनुष यज्ञ का भी आयोजन किया जाएगा। इसके बाद रात में विधिपूर्वक विवाह संपन्न होगा। वहीं तीन दिसम्बर को राम बारात वापस अयोध्या आ जाएगी।
Leave a Reply