कल करेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग से विज्ञान महोत्सव को संबोधित

[object Promise]

नई दिल्ली। कोलकाता में मंगलवार से शुरू हो रहे चार दिवसीय भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसएफ)-2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिये संबोधित करेंगे। यह आधिकारिक जानकारी रविवार को आईआईएसएफ के आयोजकों ने दी।
भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय और विभागों तथा विज्ञान भारती द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किए जाने वाला यह वार्षिक महोत्सव आठ नवंबर तक चलेगा।

आईआईएसएफ-2019 में देश-विदेश के करीब 12 हजार प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। विज्ञान महोत्सव की प्रमुख गतिविधियां मुख्य रूप से कोलकाता के विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर और साइंस सिटी में आयोजित की जा रही हैं। महोत्सव के दौरान कुछ कार्यक्रम कोलकाता के सत्यजित रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, बोस इंस्टीट्यूट और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल बायलॉजी में भी आयोजित किए जाएंगे। आईआईएसएफ-2019 के दौरान 28 से अधिक विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित होंगे।

विज्ञान महोत्सव का एक मुख्य आकर्षण छात्र विज्ञान गांव (स्टूडेंट साइंस विलेज) है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों के करीब 2500 स्कूली विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है। इन छात्रों को संसद सदस्यों ने अपने संसदीय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत चुने गए गांवों से नामांकित किया है। छात्र विज्ञान गांव में शामिल होने के लिए प्रत्येक संसद सदस्यों को पांच छात्रों और एक शिक्षक को नामांकित किया गया है।

विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में पुस्तक मेले का आयोजन भी किया जाएगा। ‘विज्ञानिका’ नामक विज्ञान साहित्य समारोह इस वर्ष के आईआईएसएफ का एक अन्य आकर्षण होगा, जिसके अंतर्गत विज्ञान संचार की अनेक विधाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस महोत्सव में प्रमुख महिला वैज्ञानिकों और उद्यमियों की विशेष भूमिका होगी। इस कार्यक्रम (महिला वैज्ञानिक एवं उद्यमियों की सभा) के अंतर्गत महिलाओं में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और उद्यमिता विकास से जुड़े नए अवसरों की खोज की जाएगी। इस कार्यक्रम में करीब 700 महिला वैज्ञानिकों और उद्यमी शामिल हो सकते हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *