सागर। आप यह सुनकर हैरान रह जाएंगे कि मध्य प्रदेश में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसमें यहां डाक्टरों की लापरवाही के कारण ही एक बुजुर्ग को मृत घोषित कर मुर्दाघर में भेज दिया मगर वह वृद्ध जीवित था, यह राज शुक्रवार की सुबह खुला।
हालांकि बाद में वृद्ध की मौत हो गई। यह मामला मध्य प्रदेश के सागर जिले का है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, काशीराम नाम के एक शख्स का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था।गुरुवार रात अस्पताल के डॉक्टरों ने काशीराम को मृत घोषित कर दिया।
जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई कि काशीराम सोनी (72) निवासी नौगांव छतरपुर की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद बीना थाना प्रभारी अनिल मौर्य मृत का पोस्टमॉर्टम कराने पहुंचे तो बुजुर्ग की सांसें चल रही थीं। वृद्ध को तत्काल अस्पताल में दोबारा भर्ती कराया गया और फिर से इलाज शुरू किया गया।
हालांकि इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह 10बजे बुजुर्ग की मौत हो गई। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एसआर रोशन ने इस घटना को डॉक्टर की लापरवाही करार दिया और जांच की बात कही है।
सीएमओ ने कहा कि इस मामले में डॉक्टर अविनाश सक्सेना की लापरवाही सामने आई है. घटना की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply