डेस्क। कनाडा के सरे इलाके में सिख नेता रिपुदमन सिंह मलिक की गोली मारकर हत्या की खबर ने सबका दिल दहला दिया है। बता दें कि उन्हें गुरुवार की सुबह 9 बजे गोली मारी गई। जिस समय उनको गोली मारी गई वह अपने ऑफिस जा रहे थे। रिपुदमन सिंह का नाम 1985 के एयर इंडिया बम विस्फोट मामले में सामने आया था। पर वह इस मामले में बरी हो गए थे।
द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित खबर के अनुसार, सीबीसी न्यूज ने गवाहों के हवाले से बताया है कि तीन गोलियां चलने की आवाज आई। हमले में 75 वर्षीय मलिक के गले पर चोट के निशान भी देखे गए। स्थानीय पुलिस के हवाले से पुष्टि की गई कि स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 9.30 बजे गोलियां चलाई गई और घटनास्थल पर ही सिख नेता की मौत हो गई।
1985 विमान ब्लास्ट में शामिल था नाम
रिपुदमन सिंह मलिक, इंद्रजीत सिंह रेयात और अजायब सिंह बागरी तीनों एयर इंडिया फ्लाइट 182, सम्राट कनिष्क, एक बोइंग 747 विमान में विस्फोट के मुख्य आरोपियों की सूची में शामिल थे। जोकि 23 जून 1985 को मॉन्ट्रियल से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बता दें कि इस फ्लाइट में सवार सभी 329 लोग मारे गए थे। यात्रियों में भारतीय मूल के कनाडाई नागरिक अधिक संख्या में शामिल थे।
मलिक पर एयर इंडिया बम विस्फोट मामले को लेकर लंबे समय तक कनाडा में केस भी चला था। पर 2005 में उन्हें इस मामले में बरी कर दिया गया था।
हाल ही में की थी पीएम मोदी की तारीफ
इसी साल की शुरुआत में रिपुदमन सिंह मलिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की थी। उन्होंने एक पत्र में मोदी सरकार द्वारा सिख समुदाय के लिए उठाए गए कदमों की तारीफ करते हुए उनका आभार भी जताया था। ऐसा कहा जा रहा है कि इसी के चलते मलिक की हत्या हुई है।
इस साल की शुरुआत में पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले मलिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भेजा था। इस पत्र में उन्होंने सिखों के हित में मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के लिए पीएम मोदी का आभार जताया था। सूत्रों की माने तो अपने पत्र में उन्होंने पीएम मोदी को बदनाम करने के प्रयास के खिलाफ चेतावनी भी दी थी।
Leave a Reply