नई दिल्ली। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) रंजन गोगोई ने इस महीने की बहु-देशीय आधिकारिक विदेश यात्रा को रद्द करने का निर्णय लिया है। कहा जा रहा है कि गोगोई ने रिटायर होने से पहले राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में फैसला लिखने के लिए पर्याप्त समय लेने के लिए ऐसा कदम उठाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, CJI गोगोई को 18 अक्टूबर को दुबई के लिए उड़ान भरनी थी। इसके बाद उन्हें कैरो, ब्राजील और न्यूयॉर्क में कुछ कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम था। इसके बाद 31 अक्टूबर को भारत लौटने का कार्यक्रम था। नरेंद्र मोदी सरकार ने पिछले महीने उनकी इस यात्रा को मंजूरी दे दी थी। लेकिन उन्होंने अपना दौरा रद्द करने का निर्णय किया है।
सूत्राें से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश ने प्रस्तावित विदेश यात्राओं को अंतिम रूप मिलने से पहले इन्हें रद्द कर दिया है। गोगोई ने पिछले साल 3 अक्टूबर को भारत के 46वें प्रधान न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी।
आपको बताते जाए कि सीजेआई रंजन गोगोई की अध्यक्षता में सुप्रीम कोर्ट की 5 जजों की संवैधानिक बेंच ने 40 दिनों तक अयोध्या मामले की केस की लम्बी सुनवाई की है। अयोध्या मामले का निर्णय 4 नवंबर से 17 नवंबर के बीच आने की उम्मीद की जा रही है, क्योंकि सीजेआई गोगोई 17 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं।
Leave a Reply