स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले सोशल मीडिया पर हैंडग्रेनेड व हथियारों के जखीरे के साथ बाघू गांव निवासी मोनू नामक युवक के फोटो वायरल होने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सोशल साइट पर वायरल फोटो में युवक ने हाथ में हैंडग्रेनेड (बम) लेकर सेल्फी ली है, जबकि दूसरी तस्वीर में वह हथियारों के जखीरों का प्रदर्शन करता नजर आ रहा है। उसके पास मस्कट, तमंचे व राइफल समेत काफी कारतूस हैं। युवक राष्ट्रीय स्तर का कुश्ती खिलाड़ी भी बताया जा रहा है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इससे पहले भी युवक के हथियारों का प्रदर्शन करते फोटो वायरल हुए थे लेकिन जांच के बाद उसे छोड़ दिया गया था।
बुधवार को बागपत के बाघू गांव निवासी मोनू नामक युवक का सोशल मीडिया पर फोटो वायरल हुआ। हैंडग्रेनेड व हथियारों के जखीरे के साथ फोटो को देखकर लोगों में दहशत व्याप्त है। ट्विटर पर एक पोर्टल वेबसाइट ने युवक के तीन फोटो वायरल किए हैं। पुलिस ने बाघू गांव के मोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जाता है कि फिलहाल गुफा मंदिर स्थित सोना अखाड़े पर पहलवानी करता है।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि युवक के वायरल फोटो चार से पांच साल पुराने बताए गए हैं। हालांकि अभी तक पुलिस की जांच जारी है। पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी भी मिली है, लेकिन पुलिस अभी तक हथियार बरामद नहीं कर सकी है। मामले की गहनता से जांच के बाद ही पुलिस कार्रवाई करेगी।
लगातार पांच दिनों से वायरल हो रहे फोटो
एसपी ने बताया कि इस युवक के सोशल मीडिया पर पिछले चार पांच दिनों से अलग अलग फोटो वायरल हो रहे हैं। इससे पहले भी इसके पिस्टल का प्रदर्शन करते हुए फोटो वायरल हुए थे। वहीं कई फोटो उनके पास डाक के जरिए भी पहुंचे। कहा कि पुलिस ने उसे दो दिन पूर्व भी हिरासत में लिया था। जांच में उसके पास लाइसेंसी पिस्टल, इसके अलावा एक खिलौना पिस्टल (लाइटर) व एक शूटिंग रेंज पिस्टल की पुष्टि हुई थी। जिसे पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ दिया था लेकिन बुधवार को उसके हैंडग्रेनेड के साथ फोटो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे दोबारा से उठा लिया। एसपी ने बताय कि जांच कराई जा रही है कि कहीं कोई और तो युवक को फंसाने का प्रयास नहीं कर रहा। फोटो से कोई छेड़छाड़ तो नहीं हुई।
युवक पर है 307 का मुकदमा
एसपी ने बताया कि युवक पर गांव के ही एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के मामले में करीब दो वर्ष पूर्व धारा 307 का मुकदमा दर्ज हुआ था। वह तभी से ही अपने रिश्तेदारी में रहता है। कहा कि उसके फोटो वायरल होने की उसे भी सूचना है, लेकिन वह भागा नहीं। पुलिस उसे दो बार हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है।
हैंडग्रेनेड के फटने से हो चुकी बदमाश की मौत
जिले में पूर्व में भी हैंडग्रेनेड के कई मामले सामने आ चुके है। बताया जाता है कि वर्ष 2013 में हैंडग्रेनेड के जेब में फटने से टीकरी के जंगल में छिपे वाजिदपुर गांव निवासी एक बदमाश की मौत हो गई थी। इसके अलावा किरठल गांव निवासी एक कुख्यात के घर पर भी हैंडग्रेनेड फेंका गया था। हालांकि वह फटा नहीं था।
Leave a Reply