प्रयागराज/इलाहाबाद:करेली की रहने वाली कान्वेंट स्कूल की ग्यारहवीं की छात्रा को ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उसी स्कूल में पढ़ने वाले इंटर के छात्र ने छात्रा का वीडियो बना लिया। फिर वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर छात्रा से रुपये वसूलने लगा। डरी सहमी छात्रा अब तक छात्र को आठ लाख 35 हजार रुपये दे चुकी है। उसके कारोबारी पिता को शक हुआ तो उन्होंने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। तब राज खुला कि छात्रा घर से रुपये ले जाकर छात्र को दे रही है।ब्लैकमेलिंग और वसूली की शिकायत अफसरों तक पहुंची तो जांच शुरू हो गई है।
करेली में रहने वाले कारोबारी की बेटी सिविल लाइंस स्थित एक कान्वेंट स्कूल में पढ़ती है। इसी साल उसने हाईस्कूल पास किया है। पंद्रह वर्षीय छात्रा का स्कूल में पढ़ने वाले इंटर के एक छात्र ने उसका अश्लील उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद शातिर छात्र ने लड़की को डराना, धमकाना शुरू कर दिया। वीडियो को पूरे कालेज में दिखाने, सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर वह रुपये वसूलने लगा। लाख, 50 हजार, 25 हजार कर उसने छात्रा से आठ लाख रुपये से अधिक वसूल लिए। धमकी से डरी छात्रा घर से रुपये चोरी करने लगी। एकाएक बड़ी रकम घर से गायब होने पर घरवालों को शक हुआ।कारोबारी ने सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए।
इसके बाद राज खुल गया। घरवालों ने छात्रा से पूछताछ की तो वह बिलख पड़ी। उसने लड़के की करतूत बताई। आरोपित लड़का करेली थाना क्षेत्र के ही रसूलपुर इलाके का रहने वाला है। उसने छात्रा को जान से मारने की धमकी दी है, ऐसे में पूरा परिवार डरा हुआ है। मंगलवार को घरवालों ने करेली थाने पहुंच इंस्पेक्टर को पूरा मामला बताया। छात्र के खिलाफ तहरीर दे दी गई है। पुलिस जांच कर रही है। छात्रा के घरवाले बदनामी की वजह से खामोश हैं।
Leave a Reply