एयरपोर्ट पर एयरलाइंस की बसों ने यात्रियों को भरकर आपस में लगाई रेस, कई यात्री घायल

एयरपोर्ट पर एयरलाइंस की बसों ने यात्रियों को भरकर आपस में  लगाई रेस, कई यात्री घायल

नई दिल्ली।  दिल्ली की सड़कों पर अब तक बसों की तेज रफ्तार और हादसों की खबरें हमने हमेशा ही सुनी हैं लेकिन अब आईजीआई एयरपोर्ट पर भी कुछ ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी दो एयरलाइंस की बसें आपस में रेस लगाते हुए टकरा गईं. मामले में कई यात्री घायल हो गए हैं. सूचना मिलने पर एयरपोर्ट पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस के अनुसार घटना शनिवार शाम 4 बजे टर्मिनल 2 के पास हुई. इस दौरान दो एयरलाइंस की बसें एयरपोर्ट पहुंचे विमानों से या‌त्रियों को लेकर टर्मिनल तक जा रही थीं और दोनों ने आपस में रेस लगानी शुरू कर दी।  जब यात्रियों ने ऐसा करने से मना किया तो ड्राइवरों ने गाड़ी को और भगाना शुरू कर दिया। बाद में यह दोनों बसें टकरा गईं. हादसे में दो यात्रियों की आंख पर और एक के चेहरे पर चोट लगी है जिनका उपचार किया जा रहा है।

लोगों ने बताया कि पहले तो पुलिस को जानकारी देने से भी बचा जा रहा था. लेकिन बाद में जब यात्रियों ने दबाव डाला तो पुलिस को जानकारी दी गई. पुलिस अब जांचकर रही है कि दोनों ही ड्राइवरों के पास वैध कमर्शियल लाइसेंस था कि नहीं और किसी ने नशा तो नहीं कर रखा था। लोगों ने बताया कि दोनों ही ड्राइवर एयरपोर्ट पर बस चलाने वाले नहीं लग रहे थे. पुलिस को शक है कि हैल्पर यह बस चला रहे थे। मामले की अभी जांच की जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *