मौसम के बदले मिजाज के चलते गुरुवार की देर शाम से राजधानी दून व आसपास के इलाकों के साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं के कई क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई। राजधानी दून और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज गुरुवार सुबह से ही बदला हुआ था। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन शाम पांच बजे के बाद मौसम अचानक और बदल गया।
हल्के बादलों की जगह काले घने बादलों ने ले ली और फिर कई घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश के चलते गर्मी के मौसम में ठंडक महसूस होने लगी। वही बारिश के चलते राजधानी के कई इलाकों में जलभराव भी हो गया।
पश्चिमी विक्षोभ के दबाव और थंडर स्टार्म की सक्रियता के चलते राजधानी दून समेत पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बदल गया है। अगले 24 घंटे में राजधानी दून के साथ ही पर्वतीय इलाकों में बिजली चमकने के साथ ही बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह का कहना है कि मौसम का बदला मिजाज पश्चिमी विक्षोभ के दबाव और थंडर स्टार्म की सक्रियता का परिणाम है। इसका असर अगले 24 घंटे में भी दिखाई देगा।
बारिश से मसूरी में बढ़ी ठंड
मसूरी में मौसम का मिजाज इन दिनों बदला हुआ है। कई दिनों से रुक-रुक कर बारिश और ओले गिरने से तापमान काफी गिर गया है। इससे ठंडी लौट आई है। इससे आम जन जीवन ठहर सा गया है। शहर में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से दोपहर होते ही बारिश और ओले पड़ रहे हैं। नैनीताल में भी बारिश से मौसम जनवरी की ठंड जैसा हो गया। मौसम बदलने से लोगों में सर्दी, जुकाम-बुखार की शिकायते भीं बढ़ने लगी हैं। कोरोना संक्रमण के लक्षण होने से लोग भयभीत हो रहे हैं।
Leave a Reply