रिपोर्ट:सैय्यद मकसूदुल हसन
सुलतानपुर। जिलाधिकारी सी0 इन्दुमती की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ। जिसमें जनपद के कृषक बन्धुओं ने भाग लेकर कृषि सम्बन्धी समस्याओं को पटल पर रखा।
किसान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कृषक बन्धुओें की समस्याओं का निराकरण करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में एक है। अतः सम्बन्धित अधिकारी कृषक बन्धुओं से प्राप्त होने वाली शिकायतों/समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के साथ करना सुनिश्चित करें। उन्होंने गत बैठक में दिये गये आदेशों का अक्षरशः अनुपालन न करने वाले अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि किसान दिवस में दिये गये निर्देशों का अनुपालन अगले किसान दिवस से पूर्व प्रत्येक दशा में करना सुनिश्चित करें। अन्यथा की स्थिति में सम्बन्धितों के खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
इस अवसर पर कृषकों द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि जनपद में सफेद आलू का उत्पादन कर जब उसे कोल्ड स्टोर्स में रखा जाता है, तो वह हरा रंग ले लेता है, जिसके कारण आलू की बिक्री में कठिनाई होती है। किसानों सर्वसम्मति से सफेद आलू बीज के स्थान पर लाल आलू बीज की मांग की गयी। जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया कि वह कृषक बन्धुओं द्वारा की गयी मांग से सम्बन्धित पत्र शासन को प्रेषित करें, ताकि आगामी आलू बीज आवंटन में सफेद बीज के स्थान पर लाल बीज का आवंटन हो सके। इसी प्रकार किसानों द्वारा अतिवृष्टि एवं धान की फसल में लगे कीट के कारण हुई फसल नुकसान की क्षतिपूर्ति की बात उठाई गयी। जिलाधिकारी ने उप निदेशक कृषि को निर्देशित किया कि वह प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना हेतु अनुबन्धित एजेन्सी से वार्ता कर तत्काल पात्र किसानों को क्षतिपूर्ति मुहैया कराना सुनिश्चित करें।
कृषकों द्वारा नहरों की सिल्ट सफाई तथा टेल तक पानी की अपूर्ति, बन्द पड़े नलकूपों का संचालन, चीनी मिल का संचालन, कृषि यंत्रों की उपलब्धता, विद्युत कनेक्शन, धान क्रय केन्द्रों का संचालन, गन्ना भुगतान, गन्ना पर्ची, माईनरों का दुरस्ती करण आदि से सम्बन्धित प्रकरणों को पटल पर रखा गया। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को आगामी किसान दिवस से पूर्व इन प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश दिये।
बैठक में उप निदेशक कृषि शैलेन्द्र कुमार शाही ने बताया कि न्याय पंचायत स्तर पर दो चरणों में किसान पाठ शालाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें शासन द्वारा संचालित कृषक बन्धुओं से सम्बन्धित योजनाओं एवं कृषि की नवीन पद्धतियों से अवगत कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण की किसान पाठशाला 21 से 24 अक्टूबर तथा द्वितीय चरण की पाठशाला 04 नवम्बर से 07 नवम्बर के मध्य आयोजित की जायेगी। उन्होंने कृषक बन्धुओं से आयोजित किसान पाठशालाओं में भाग लेकर लाभ उठाने की अपील की।
किसान दिवस में विजय कुमार वर्मा जिला कृषि रक्षा अधिकारी, पन्नालाल जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, प्रगतिशील किसानों में भोला सिंह, छोटेलाल, शिवपाल सिंह सहित अन्य प्रगतिशील किसान व अधिकारी उपस्थित रहे।
Leave a Reply