तीन दिन से फतेहपुर व बहराइच से आगे नहीं बढ़ सका मानसून…

[object Promise]

लखनऊ। मानसून का इंतजार कुछ लंबा हो गया है। राजधानी में अगले तीन-चार दिन से पहले मानसून के पहुंचने की संभावना कम है। वजह यह है कि फतेहपुर और बहराइच तक पहुंचे मानसून को आगे बढऩे के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं मिल रही है। वही मानसून ने मध्यप्रदेश की ओर रुख कर लिया है।

राजधानी वासियों को भले ही मानसून के लिए कुछ और दिन इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर शुक्रवार को भी अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बौछारें पड़ सकती हैं । आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि मानसून की गति कुछ धीमी पड़ी है। तीन दिन पहले बहराइच व फतेहपुर में पहुंचा मानसून अभी वहीं रुका है। मानसून ने मध्यप्रदेश की ओर बढ़त ली है। उन्होंने कहा कि इससे मानसून के राजधानी में तीन-चार दिन के बाद ही पहुंचने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को वाराणसी में 46.4, बलिया में 33 और सुल्तानपुर में 28.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। गाजीपुर में भी 22.6 मिलीमीटर बारिश हुई । शनिवार को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में जोरदार व कुछ जगह हल्की बारिश की उम्मीद है। राजधानी में भी बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। कुछ स्थानों पर बौछारें भी पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री कम 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कुछ कम 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। वातावरण में आद्र्रता 99 फीसद बनी हुई है। इसके चलते लोग परेशान हैं। वातावरण में नमी के चलते जबरदस्त उमस महसूस की जा रही है। चूंकि मानसून के लिए अभी इंतजार करना होगा ऐसे में उमस भरी गर्मी से दो-चार होना होगा।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *