इमरान ने क्यों अपने ही नेताओं को दिया वोटिंग से दूर रहने का आदेश

डेस्क। पाक पीएम इमरान खान के सरकार की उल्टी गिनती अब शुरू हो गई है। सेना से लेकर अपनी पार्टी के कई नेता बागी हो चुके हैं। ऐसे में इमरान की कुर्सी डोलती नज़र आ रही है। इसी कड़ी में इमरान खान सरकार के खिलाफ विपक्ष की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर तीन अप्रैल को वोटिंग होना भी तय हुआ है। यानी इमरान के पास अपनी सरकार बचाने के लिए बहुत ही कम समय है।

इस अविश्वास प्रस्ताव पर 31 मार्च से ही चर्चा शुरू हो जाएगी। इमरान खान ने सत्ता बचाने के लिए कमर कसना भी शुरू कर दिया है। उन्होंने अपनी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के सदस्यों से अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दिन नेशनल असेंबली में उपस्थित नहीं होने का निर्देश दिया है।

पीटीआई के सदस्यों को जारी किए एक लेटर में इमरान खान ने उनसे नेशनल असेंबली में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से दूर रहने की बात कही है। 

इसके साथ ही इस लेटर में नेताओं को दिशा निर्देश दिया गया है कि उन्हें क्या करना है और क्या नहीं करना है। उन्हें पार्टी के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का भी आदेश दिया गया है। बता दें कि सदस्यों को जारी चिट्ठी पर प्रधानमंत्री इमरान खान के हस्ताक्षर हैं। इमरान खान जो कि पीटीआई पार्टी के अध्यक्ष हैं और संसदीय नेता भी हैं।

इस लेटर में आगे कहा गया है कि सभी सदस्यों को यह स्पष्ट कर दिया जाता है कि कोई भी सदस्य किसी भी निर्देश का उल्लंघन नहीं करेगा। निर्देशों का उल्लंघन करना अनुच्छेद 63-ए के तहत स्पष्ट रूप से दलबदल माना जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *