नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण के टीकाकरण अभियान के तहत दूसरी डोज देने का काम 13 फरवरी से ही शुरू हो गया है, लेकिन राजधानी दिल्ली में पहले दिन खास उत्साह नहीं दिखा था। इसके मद्देनजर दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार ने सभी जिला प्रशासन व टीकाकरण केंद्रों को निर्देश दिया है कि जिन स्वास्थ्य कर्मियों ने शुरुआत में पहली डोज ली थी, उन्हें व्यवस्थित तरीके से दूसरी डोज लेने के लिए सूचना भेजी जाए। इसके अलावा यह भी प्रविधान कर दिया गया है कि कर्मचारी किसी भी केंद्र पर पहुंचकर अपनी सुविधा के अनुसार टीके की दूसरी डोज ले सकते हैं। इसका मकसद संपूर्ण टीकाकरण को बढ़ावा देना है। हालांकि, पहली डोज में जो टीका लगा है दूसरी डोज में भी वही टीका लेना जरूरी है। टीकाकरण के लिए यह व्यवस्था रही है कि कर्मचारी उसी केंद्र पर टीका ले सकते हैं जहां उनका नाम पंजीकृत है। पहली डोज के लिए यह नियम अब भी बरकरार रहेगा, लेकिन दूसरी डोज के लिए यह बाध्यता खत्म कर दी गई है। हालांकि, दिल्ली में अभी 186 केंद्रों पर कोविशील्ड व 75 केंद्रों पर कोवैक्सीन का टीका दिया जा रहा है। इसलिए जिन कर्मचारियों को जो टीका लगा है वे उससे संबंधित किसी भी केंद्र पर जाकर टीका ले सकते हैं।
बता दें कि 16 जनवरी को पहले दिन दिल्ली में 81 केंद्रों पर 4319 कर्मचारियों ने टीका लगवाया था, जबकि शनिवार को 1856 स्वास्थ्य कर्मचारियों ने टीके की दूसरी डोज ली। इस तरह 57.03 फीसद डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मचारी टीके की दूसरी डोज लेने नहीं पहुंचे। ऐसे में पहली डोज लेने वाले सभी कर्मचारियों को दूसरी डोज के लिए टीकाकरण केंद्र पर बुलाना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है।
Leave a Reply