श्रीनगर। पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में चेकिंग के दौरान एक गाड़ी से हिज्बुल मुजाहिदीन के दो आतंकियों को दबोच लिया है। चौकाने वाली बात यह है कि पकड़े गए आतंकियों के साथ कार में जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक उप अधीक्षक (DSP) भी मौजूद था, सुरक्षाबलों ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी राष्ट्रपति पुलिस मेडल विजेता है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने कुलगाम जिले में काजीगुंड के मीर बाजार इलाके से चेकिंग के दौरान एक गाड़ी से दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इसमें सैयद नवीद मुश्ताक उर्फ नवीद बाबू भी है, इसका नंबर आतंकी सरगना रियाज नाइकू के बाद आता है। आतंकियों के साथ पकड़े गए डीएसपी की पहचान देविंदर सिंह के तौर पर हुई है, जो एयरपोर्ट सिक्योरिटी में तैनात था। दूसरे आतंकी का नाम आसिफ राथर है। नाविद हिज्ब का टॉप कमांडर है, जबकि राथर तीन साल पहले इस आतंकवादी संगठन से जुड़ा था। दोनों शोपियां के रहने वाले हैं।
देविंदर सिंह को पिछले साल ही 15 अगस्त राष्ट्रपति पुलिस मेडल से नवाजा गया था। वह जम्मू-कश्मीर पुलिस के ऐंटी हाइजैकिंग स्क्वॉयड में शामिल थे। अभी उनकी तैनाती श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर थी। इससे पहले 2001 में संसद पर हमले के बाद उनका नाम चर्चा में आया था। तब वह इंस्पेक्टर के रूप में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप का हिस्सा थे। ऐंटी टेरर ऑपरेशन इसके बाद उन्हें प्रमोट करके डीएसपी बनाया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि डीएसपी आतंकियों को घाटी से बाहर निकालने में सहायता कर रहा था। बताया जा रहा है कि डीएसपी की मदद से आतंकी दिल्ली आने वाले थे।वहीं, डीएसपी के घर पर छापेमारी के दौरान 5 ग्रेनेड और 3 एके-47 बरामद हुई हैं।
Leave a Reply