आगरा, नए साल पर एलपीजी के घरेलू उपभोक्ताओं को तो राहत रही है, लेकिन व्यावसायिक सिलिंडर के दामों में एक बार फिर इजाफा हो गया है। दामों में लगातार हो रही मूल्य वृृद्धि से जहां व्यवसायी परेशान है, तो इसका बोझ मूल्य वृद्धि के रूप में सीधा आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। एक जनवरी से व्यवसायिक सिलिंडर के दामों में 16.50 रुपये की वृद्धि हो गई है, जिससे दाम 1382 रुपये हो गए हैं।
कोरोना संक्रमण के कारण मंदी से जूझ रहे प्रतिष्ठानों को एलपीजी के बढ़ते दामों के कारण भी मुश्किल हो रही है। अभी तक सभी प्रतिष्ठानों में ग्राहकों की संख्या सामान्य नहीं हुई है, जिससे बाजार प्रभावित है। 19 किलोग्राम सिलिंडर के दामों में वृद्धि से नया संकट खड़ा हो गया है। अक्टूबर में व्यावसायिक सिलिंडर के दाम 1198 रुपये प्रति सिलिंडर थे, जिनको नवंबर में बढ़ाकर 1274 रुपये प्रति सिलिंडर कर दिया गया था। वहीं एक दिसंबर से दाम बढ़ाकर 1329 रुपये कर दिए गए थे। 15 दिसंबर को पुन: मूल्य वृद्धि हुई, जिसके बाद 1365.50 रुपये हो गए। एक जनवरी से दामों में फिर परिवर्तन हुआ है और दाम 1382 रुपये प्रति सिलिंडर हो गए हैं। आल इंडिया इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के आगरा संभाग अध्यक्ष विपुल पुरोहित एवं आगरा एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष सिकरवार ने बताया कि बढ़े हुए दाम शुक्रवार से प्रभावी हो गए हैं।
दिसंबर में दो बार बढ़ चुके हैं घरेलू गैस के दाम
नए साल पर एलपीजी के 14.2 किलोग्राम सिलिंडर के दाम स्थिर बने हुए हैं, लेकिन उन्हें भी मूल्य वृद्धि की आशंका बनी हुई है। दिसंबर में दामों में दाे बार वृद्धि हुई थी, जिससे रसोई का बजट बिगड़ गया था। दिसंबर में पहले 607 रुपये से बढ़कर 657 रुपये प्रति सिलिंडर दाम हुए थे, जिसमें 15 दिसंबर को एक बार फिर 50 रुपये की वृद्धि हुई और दाम 707रुपये प्रति सिलिंडर हो गए थे।
Leave a Reply