Mahakal Lok Corridor: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (11 अक्टूबर, 2022) को उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल ज्योतिर्लिंग के महाकाल लोक कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद से ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं इस अवसर पर उज्जैन में बड़े आयोजन रखें गए हैं।
इसके तहत महाकालेश्वर मंदिर की तरफ जाने वाले 600 मीटर लंबे हरि फाटक पुल की रेलिंग को तेल के दीयों के साथ सजाया जाएगा। और लोकार्पण के कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के लिए बड़े टीवी स्क्रीन भी यहां लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर को यादगार बनाने के लिए राज्य भर में दिवाली जैसे समारोह का आह्वान कर रखा है।
प्रधानमंत्री आज शाम 5.30 बजे इंदौर पहुंचेंगे और दूसरे हेलीकॉप्टर के जरिए उज्जैन जाएंगे। वह यहां कॉरिडोर का उद्घाटन करने से पहले संध्या आरती में भी शामिल होंगे। वहीं कॉरिडोर के लोकार्पण के बाद वह मुख्यमंत्री शिवराज के साथ कार्तिके मैदान में एक आम सभा को संबोधित भी करेंगे।
परियोजना के पहले चरण में महाकाल लोक कॉरिडोर में दो प्रवेश द्वार भी बनाए गए हैं, ये नंदी द्वार और पिनाकी द्वार हैं। इसके अलावा, द्वार पर टिकटिंग कियोस्क जैसी सुविधाएं भी रहेंगी। 900 मीटर लंबे इस कॉरिडोर से पैदल यात्रा करते हुए विजिटर महाकाल मंदिर तक जाएंगे। बता दें कॉरिडोर काफी आकर्षक बनाया गया है। इसमें भगवान शिव की 93 मूर्तियां हैं। महाकाल मंदिर के गलियारे में 108 स्तंभ बनाए गए हैं, जिस पर महाकाल मंदिर टिका हुआ है।
रविवार को ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाकाल लोक का भ्रमण कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा भी की है।
Leave a Reply