मुरादाबाद, दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर दूसरे दोस्त के घर जा रहे सम्भल के बहजोई थाना क्षेत्र के रहने वाले 18 वर्षीय एक युवक की मौत बुधवार रात रहस्यमय हालात में हो गई। शव फिलहाल पुलिस के कब्जे में है। स्वजनों को संदेह है कि युवक की हत्या की गई है। जबकि पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
सम्भल के बहजोई थाना क्षेत्र के ग्राम धीमरवाली निवासी वीरेश के मुताबिक उसका छोटा भाई अंबरीश इंटरमीडिएट का छात्र था। गांव के समीप ही पंचर बनाने की दुकान चलाता था। बुधवार रात करीब आठ बजे वह बाइक पर सवार होकर घर से निकला। दो घंटे बाद महोरा गांव के रहने वाले धर्मेंद्र ने मोबाइल फोन से सड़क हादसे में अंबरीश के गंभीर रूप से घायल होने की खबर दी। आनन-फानन में घायल युवक को जिला अस्पताल मुरादाबाद लाया गया। यहां अंबरीश को देखते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पूछताछ में धर्मेंद्र ने बताया कि बुधवार रात इमरतपुर में अंबरीश के रिश्तेदार के घर देवी जागरण का आयोजन हुआ था। उसी में शामिल होने वह और आंबरीश जा रहे थे। इस दरमियान दोनों ने तय किया कि वह अपने साथ कैलमूडी गांव में रहने वाले दोस्त चंद्रकेश को भी साथ लेकर इमरतपुर जाएंगे। धर्मेंद्र और आंबरीश कैलमूडी जा रहे थे। इस दौरान अचानक मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में अंबरीश के सिर में चोटें आईं। जबकि धर्मेंद्र बाल-बाल बच गया। अंबरीश के रहस्यमयी मौत की खबर स्वजनों ने बहजोई पुलिस को दी। गुरुवार को पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी बहजोई ने कहा कि स्वजनों की मांग पर शव का पोस्टमार्टम हो रहा है। पीएम रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि अंबरीश की मौत की वजह क्या रही। धर्मेंद्र फिलहाल पुलिस हिरासत में है। संदेह के आधार पर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
Leave a Reply